बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल टली, IBA-UFBU बैठक में बनी सहमति

HIGHLIGHTS
- UFBU ने 27 सितंबर को बैठक से जुड़ा सर्कुलर जारी किया।
- बचे हुए शनिवारों को छुट्टी देने के मुद्दे पर समिति बनाने का फैसला हुआ।
- समिति संभावित विकल्पों पर विचार करेगी।
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बैठक के बाद बैंककर्मियों की तीन दिनों की प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। बैंक यूनियनों ने रविवार देर रात 28 सितंबर से शुरू होने वाली हड़ताल को टालने का फैसला घोषित किया।
IBA और UFBU की बैठक में क्या तय हुआ?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 27 सितंबर को जारी सर्कुलर में बताया कि इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के साथ हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। सर्कुलर के अनुसार, रविवार रात 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच बैठक हुई।
बैठक में बैंकिंग क्षेत्र में बचे हुए शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। यह समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
बैंक अधिकारियों की PLI योजना पर क्या बातचीत हुई?
तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को स्थगित करने के फैसले के साथ बैठक में सरकार के पास संशोधित प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी। बयान के अनुसार, स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI योजना को लेकर IBA के साथ चर्चा शुरू की जा सकती है।
सरकार को भेजा जाएगा संशोधित प्रस्ताव
UFBU के बयान में कहा गया कि यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए PLI योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा जाएगा।
रविवार की बैठक में करीब ढाई साल पहले हुई बैठक का भी संदर्भ दिया गया। UFBU ने अपने बयान में कहा कि 8 मार्च 2024 की कार्यवाही में दर्ज शेष मुद्दों के समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच जल्द चर्चा की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.