बिहार में LLB प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक, वॉट्सएप के जरिए केंद्र से बाहर भेजा गया प्रश्न पत्र

HIGHLIGHTS
- पटना कॉलेज में एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वायरल हुआ।
- एक छात्र ने मोबाइल से प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर उसे वायरल किया।
- विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि परीक्षा रद्द नहीं होगी, सीसीटीवी से छात्र की पहचान की जा रही है।
पटना। पटना विश्वविद्यालय में शनिवार को एलएलबी में नामांकन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वायरल होने का मामला सामने आया। परीक्षा का आयोजन पटना कॉलेज में किया गया था।
जानकारी के अनुसार, एक छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल में पहुंच गया। परीक्षा के दौरान ही उसने प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर उसे वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस समय प्रश्नपत्र वायरल हुआ, उस दौरान परीक्षा हॉल का जैमर बंद था। इसकी जानकारी मिलने के बाद विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने जैमर को चालू कराया। आम छात्रों के अनुसार, प्रश्नपत्र वायरल करने वाले छात्र का मोबाइल जब्त किए जाने की सूचना है।
गेट पर जांच के बावजूद मोबाइल लेकर पहुंचा छात्र
परीक्षा हॉल के बाहर पुलिसकर्मी तैनात थे और परीक्षा में प्रवेश से पहले छात्रों की जांच भी की गई थी। इसके बावजूद छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा हॉल तक कैसे पहुंच गया, इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
एलएलबी प्रवेश परीक्षा पटना कॉलेज के अलावा बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में भी आयोजित की गई थी। इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। बीएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि उनके केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
दोपहर 12:02 बजे वायरल हुआ प्रश्नपत्र
एलएलबी प्रवेश परीक्षा तीनों केंद्रों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित हुई। इसी दौरान पटना कॉलेज केंद्र पर दोपहर 12 बजकर 2 मिनट पर प्रश्नपत्र वायरल हुआ।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि की। परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने बताया कि दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र वायरल किया गया था। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त परीक्षा केंद्र का जैमर बंद था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही जैमर चालू कर दिया गया। प्रश्नपत्र वायरल हुआ, लेकिन उसका उत्तर परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंच पाया।
प्रो. बीके लाल ने बताया कि कुछ छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा देने पहुंचे थे। सभी के मोबाइल की जांच की गई, लेकिन उनके पास वायरल प्रश्नपत्र से संबंधित कोई प्रमाण नहीं मिला। प्रश्नपत्र वायरल करने वाला छात्र मौके से भाग गया था।
परीक्षा नहीं होगी रद्द
परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने बताया कि प्रश्नपत्र वायरल होने के बावजूद उसका उत्तर परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंचा, इसलिए यह अन्य छात्रों तक नहीं पहुंच सका।
स्थिति सामान्य होने के बाद परीक्षा दोबारा संचालित की गई, इसलिए परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोषी छात्र की पहचान की जा रही है।
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.