तनुश्री दत्ता के आरोपों पर नाना पाटेकर के बेटे मल्हार का बयान, बोले- मामला खत्म हो चुका है

HIGHLIGHTS
- मल्हार ने कहा कि पुराने मामले पर बार-बार चर्चा करना उचित नहीं है।
- साल 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के दौरान की घटना से जुड़ा है विवाद।
- अक्टूबर 2018 में तनुश्री दत्ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मल्हार ने तनुश्री दत्ता का नाम लिए बिना कहा कि जिस मामले को बार-बार उठाया जा रहा है, वह पहले ही समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा, "मैं किसी का नाम नहीं लेना चाहता, लेकिन यह कहना चाहता हूं कि जिस मामले को लोग बेवजह उठा रहे हैं, वह काफी पहले ही खत्म हो चुका है। न्यायपालिका से भी यह स्पष्ट हो चुका है कि मामला समाप्त हो गया है, इसके बावजूद लोग इस पर चर्चा कर रहे हैं।"
मल्हार ने आगे कहा, "मैं ऐसे लोगों से कुछ नहीं कहना चाहता। सच वही रहेगा, जो सच है। भगवान उनका भला करे। मैं उनसे बस यही कहना चाहता हूं।"
2018 में तनुश्री दत्ता ने लगाए थे आरोप
साल 2018 में अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। तनुश्री के मुताबिक, साल 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' की शूटिंग के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया गया था। इस मामले के सामने आने के बाद भारत में #MeToo आंदोलन को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।
अक्टूबर 2018 में तनुश्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, नाना पाटेकर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया था। जून 2019 में मुंबई पुलिस ने मामले में नाना पाटेकर को क्लीन चिट देते हुए कहा था कि आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिले।
इसके बाद भी तनुश्री ने कई मौकों पर इस मामले को उठाया। उन्होंने डराने-धमकाने और सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने की बात भी कही थी। मार्च 2025 में मुंबई की एक अदालत ने शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार करते हुए मामला खारिज कर दिया था। नाना पाटेकर ने हमेशा अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.