जयशंकर और मार्को रुबियो की 20 अक्टूबर को होगी मुलाकात, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

HIGHLIGHTS
- विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बैठक की पुष्टि की।
- जयशंकर 19 और 20 अक्टूबर को यूएई के विदेश मंत्री से भी मिलेंगे।
- मार्को रुबियो की यात्रा को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे।
नई दिल्ली। विदेश मंत्रालय ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच होने वाली बैठक की पुष्टि कर दी है। दोनों नेताओं की मुलाकात 20 अक्टूबर को होगी।
इसके अलावा विदेश मंत्री जयशंकर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई के सवाल के जवाब में बताया कि 19 और 20 अक्टूबर को मुंबई में जयशंकर और अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान की बैठक होगी।
20 अक्टूबर को रुबियो से होगी बातचीत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 20 अक्टूबर को जयशंकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, रुबियो अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगे।
दिल्ली से बाहर बैठकों को लेकर विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब
राजधानी दिल्ली से बाहर होने वाली बैठकों पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि देश के अन्य शहरों में इस तरह की बैठकों की मेजबानी करना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी भारत के अलग-अलग हिस्सों में कई महत्वपूर्ण आयोजन हो चुके हैं।
उन्होंने जी-20 सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला था। पिछले एक दशक से विदेश सचिवों की मेजबानी सहित इस तरह के आयोजनों का चलन रहा है।
इन शहरों में भी हो चुकी हैं महत्वपूर्ण बैठकें
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इससे पहले आयोजित कुछ महत्वपूर्ण बैठकों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वडोदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पेन के प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। वहीं, अहमदाबाद में जर्मन चांसलर मर्ज की मेजबानी की गई थी। वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री की मेजबानी का भी उन्होंने जिक्र किया।
राहुल गांधी ने रुबियो की यात्रा को लेकर कसा था तंज
मार्को रुबियो की आगामी मुंबई यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से यह स्पष्टीकरण आया है। राहुल गांधी ने रुबियो की प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को इस घटनाक्रम की पूरी जानकारी नहीं है।
शुक्रवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है। मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है। शायद आप ही बता दें। या फिर, अगर आप चाहें तो मैं बता सकता हूं।"
इससे पहले भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों को उम्मीद है कि भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर मुंबई में मार्को रुबियो से मुलाकात करेंगे। इसके बाद कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि भारत सरकार की ओर से विदेश मंत्री के कार्यक्रमों की सार्वजनिक रूप से घोषणा क्यों नहीं की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.