उन्नाव में बच्चों से भरी स्कूल बस में लगी आग, 60 बच्चे और चार शिक्षक सुरक्षित

HIGHLIGHTS
- ब्रेक शू का लेदर घिसने से निकली चिंगारी।
- दमकल कर्मियों ने 10 मिनट में मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
- जांच में 54 सीटर बस में 60 बच्चे सवार मिले।
उन्नाव। कानपुर के गुरुनानक स्कूल के 60 बच्चों और चार शिक्षकों को लखनऊ के आनंदी वाटर पार्क से लेकर लौट रही बस में शुक्रवार शाम आग लग गई। घटना गदनखेड़ा बाईपास के पास हुई। चालक और परिचालक ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्कूल के 60 बच्चे और चार स्टाफ सदस्य शुक्रवार को टूर पर गए थे। वापसी के दौरान शाम करीब सात बजे दही चौकी के पास बस के पिछले ब्रेक शू का लेदर घिस गया। इससे उसमें लगे लोहे के घर्षण के कारण चिंगारी निकलने लगी। राहगीरों ने चालक को इसकी जानकारी दी। उस समय तक बस गदनखेड़ा बाईपास के पास पहुंच चुकी थी। कुछ ही देर में बस में आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति को देखते हुए चालक और परिचालक ने बस को सर्विस रोड पर खड़ा किया और बच्चों को एक-एक करके नीचे उतारा। करीब 10 मिनट में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ देर में आग पर काबू पा लिया।
घटना के बाद सीएफओ अनूप कुमार और एआरटीओ प्रवर्तन संजीव कुमार ने बस की जांच की। इसके बाद बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहन से कानपुर भेजा गया। सीएफओ ने बताया कि ब्रेक शू का लेदर घिसने के कारण उसमें लगे लोहे में घर्षण हुआ, जिससे आग लगी।
बस के दो चालान अभी लंबित
जांच के दौरान पता चला कि बस के सभी जरूरी प्रपत्र पूरे थे और वह लोकल रूट पर संचालित होती है। हालांकि, 54 सीटों वाली बस में 60 बच्चे सवार थे। इसके अलावा बस के दो चालान लंबित मिले, जिनकी कुल राशि तीन हजार रुपये बताई गई है।
एआरटीओ के अनुसार, बस की फिटनेस और अन्य जरूरी कागजात पूरे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.