भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, संबित पात्रा बोले- कैमरे पर नहीं, कोर्ट में माफी मांगते हैं

HIGHLIGHTS
- राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बीजेपी ने किया पलटवार।
- बीजेपी ने राहुल गांधी के 'गोली चलने' वाले दावे को बताया गलत।
- संबित पात्रा ने कहा- फायरिंग का कोई सबूत या बैलिस्टिक रिपोर्ट नहीं।
- अमित शाह पर लगाए आरोपों को बीजेपी ने पूरी तरह खारिज किया।
राहुल गांधी द्वारा बुधवार (29 जुलाई) को संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। शाम 6 बजे राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी मीडिया से बातचीत कर उनके आरोपों का जवाब दिया। इससे पहले भी बीजेपी ने राहुल गांधी पर सदन में झूठ बोलने का आरोप लगाया था।
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि सुबह से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिसके चलते देर शाम मीडिया के सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर संसद के भीतर चर्चा होनी चाहिए थी, राहुल गांधी के व्यवहार की वजह से वे अब प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उठाए जा रहे हैं।
'तथ्यों से लोगों का ध्यान भटका रहे हैं राहुल गांधी'
संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक बार फिर तथ्यों से लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश की। उन्होंने राहुल गांधी के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह बीजेपी और आरएसएस से कभी माफी नहीं मांगेंगे।
इस पर पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी यहां माफी नहीं मांगते, बल्कि अदालत में माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका चरित्र है कि वह माफी कोर्ट में मांगते हैं।
'गोलपोस्ट बदलना राहुल गांधी से सीखे'
बीजेपी सांसद ने कहा कि गोलपोस्ट बदलना कोई राहुल गांधी से सीखे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सदन में दावा किया था कि छात्रों पर गोली चलाई गई और इसका आदेश गृह मंत्री अमित शाह ने दिया। पात्रा ने कहा कि बीजेपी के नेताओं जितेंद्र सिंह, पीयूष गोयल और किरेन रिजिजू समेत पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि ऐसी कोई फायरिंग नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि यदि गोली चली होती तो उसका कोई कारतूस या बैलिस्टिक जांच सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में ऐसा कोई सबूत नहीं है।
संबित पात्रा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन या भीड़ की स्थिति में मौके पर मौजूद स्थानीय सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) यह तय करते हैं कि तत्काल क्या कार्रवाई करनी है और कितनी फोर्स का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि केवल इस आधार पर कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन है, यह नहीं कहा जा सकता कि हर कार्रवाई का आदेश सीधे गृह मंत्री देते हैं।
अमित शाह को लेकर लगाए आरोपों पर भी दिया जवाब
संबित पात्रा ने राहुल गांधी के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात करते देखा था। पात्रा ने पूछा कि राहुल गांधी ने यह कैसे देखा। क्या वह गृह मंत्री के कार्यालय में मौजूद थे?
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राहुल गांधी ने राफेल मामले में पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को लेकर दावे किए थे, जो बाद में गलत साबित हुए। उन्होंने कहा कि अब उसी तरह के आरोप गृह मंत्री अमित शाह को लेकर लगाए जा रहे हैं।
पात्रा ने यह भी कहा कि संसद परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। अगर गृह मंत्री पुलिस अधिकारियों से बात कर रहे थे तो राहुल गांधी बताएं कि उन्होंने यह कहां और किन अधिकारियों से बात करते देखा।
'राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है कांग्रेस'
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों को न्याय दिलाने की बात कर रहे हैं, लेकिन बीजेपी का मानना है कि इस पूरे मामले में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सीजेपी के आंदोलन का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन समाप्त हो चुका है और सरकार तथा प्रदर्शनकारियों के बीच समझौता भी हो गया है। इसके बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने और श्रेय हासिल करने की कोशिश कर रही है।
अंत में संबित पात्रा ने कहा कि बीजेपी की ओर से राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भ्रम फैलाने का प्रयास किया है और इससे देश में अराजकता फैल सकती है। इसलिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.