सीएम योगी ने 1,146 कनिष्ठ सहायकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 4,300 किसान परिवारों को 215 करोड़ की मदद

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
- चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति राजस्व विभाग के लिए की गई है।
- मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
- कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को युवाओं और किसानों को बड़ी सौगात दी। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी वितरित की गई। इस योजना के जरिए अन्नदाताओं की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सीएम योगी ने मुन्ना भाई एमबीबीएस फिल्म का जिक्र कर कसा तंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नियुक्ति बोर्ड के अधिकारी बंधक बने हुए थे। इस दौरान उन्होंने फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था। जरूरत के मुताबिक अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता भी नहीं थी।
सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद जब उन्होंने पुलिस विभाग की समीक्षा की तो वहां डेढ़ लाख पद खाली मिले। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पीएसी की 34 कंपनियों को समाप्त कर दिया था।
अयोध्या में दिवाली आयोजन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में धूमधाम से दीपावली मनाई गई। कुछ लोगों ने प्रदूषण को लेकर चिंता जताई थी। इस पर उन्होंने कहा कि प्रदूषण होगा तो उसे ठीक भी कर लिया जाएगा। सरकार ने त्योहार मनाने पर कोई रोक नहीं लगाई और लोगों ने जमकर पटाखे जलाए। उन्होंने खुद भी अयोध्या में पटाखे जलाए।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति प्रक्रिया की रफ्तार का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह घड़ी की सेकंड वाली सुई तेजी से चलती है, उसी तेजी से नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में एक लाख से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। फिलहाल लेखपाल भर्ती की प्रक्रिया जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.