यूपी में 1,200 करोड़ रुपये से बनेगा CNH Industrial का ट्रैक्टर प्लांट, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार से यूपी निवेश का प्रमुख केंद्र बना है।
- मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्लांट से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
- योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की देश के ट्रैक्टर बाजार में 18.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया राज खत्म होकर कानून का शासन स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति तथा बुलडोजर कार्रवाई ने प्रदेश को निवेश के प्रमुख ठिकानों में शामिल कर दिया है।
उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुका है। कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण करेंगी तो देश और विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से इस प्लांट की स्थापना की जा रही है।
जेवर अब भारत का गहना और निवेश का केंद्र
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की तारीफ करते हुए कहा कि जिस इलाके की पहचान कभी गोलीबारी और अपराध के कारण होती थी, वही जेवर आज भारत के 'गहने' के तौर पर निवेश के लिए बेहतरीन गंतव्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा क्षेत्र के विकास से यह पूरा इलाका बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। यहां एचसीएल फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी अहम परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।
बीमारू राज्य से देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ापन और अराजकता जैसी चुनौतियां थीं। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने उपद्रव से उत्सव प्रदेश तक का सफर तय किया है। उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने बताया कि राज्य टॉप अचीवर रहा है और डीरेग्युलेशन के मामले में देश में पहले स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में शामिल उत्तर प्रदेश अब बॉटम फाइव से बाहर निकलकर देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका है। प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
साढ़े नौ साल में 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो चुकी है।
किसानों और युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट 100 एकड़ क्षेत्र में स्थापित होगा। इससे प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण को नई रफ्तार मिलेगी। 1200 करोड़ रुपये के इस निवेश से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी साढ़े अठारह प्रतिशत है। इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सीएनएच प्रबंधन को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और जरूरी सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया।
युवाओं को इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स बनाने पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से प्रदेश के बड़े जनसांख्यिकीय लाभांश (डेमोग्राफिक डिविडेंड) को कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे नए क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश नवाचार के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार कर रहा है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड, सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.