जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी लोगों की शिकायतें, दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जनता की शिकायतें सुनीं, प्रार्थना पत्र स्वीकार किए और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर होना चाहिए, और इसमें देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
राजस्व और पुलिस मामलों पर सख्त निर्देश
जनता दर्शन के दौरान राजस्व और पुलिस से जुड़े कई मामले मुख्यमंत्री के समक्ष आए। उन्होंने इन मामलों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कहा कि सभी लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध निपटारा किया जाए।
सीएम योगी ने निर्देश दिया कि छह महीने से अधिक समय से लंबित मामलों की समीक्षा की जाए और बिना उचित कारण देरी पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
‘हर जरूरतमंद तक पहुंचे न्याय और योजनाओं का लाभ’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर जरूरतमंद तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बरती जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और जरूरतमंदों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
बच्चों से संवाद, शिक्षा पर दिया विशेष संदेश
कार्यक्रम के दौरान हापुड़ से आई एक बच्ची ने अपनी आर्थिक स्थिति और पढ़ाई से जुड़ी समस्याएं साझा कीं। बच्ची कक्षा-7 में पढ़ती है।
इस पर मुख्यमंत्री ने उसे प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे और बाकी जिम्मेदारी सरकार पर छोड़ दे। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.