प्रतापगढ़ में डकैती की साजिश नाकाम, चार बदमाश गिरफ्तार; हथियार बरामद

HIGHLIGHTS
- देल्हूपुर पुलिस ने 24 अगस्त की रात कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को पकड़ा।
- पुलिस को शनिदेव धाम गेट के सामने बाग में बदमाशों के जुटने की सूचना मिली थी।
- एक आरोपित साहिल खान अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया।
प्रतापगढ़। जनपद की देल्हूपुर पुलिस ने 24 अगस्त की रात डकैती की योजना बना रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, आठ कारतूस, एक 315 बोर तमंचा, दो कारतूस के साथ हथौड़ा, छेनी, प्लास, रस्सी और पहचान छिपाने के लिए तीन काले कपड़े बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, रात में मानधाता मोड़ पर चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि शनिदेव धाम गेट के सामने बाग में कुछ बदमाश आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने चार आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि एक बदमाश साहिल खान अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाशों में शोभीपुर निवासी मेराज उर्फ आदिल, जद्दोपुर दिवैनी निवासी सैफ, चकसारा निवासी सादाब और बरसंडा निवासी नौशाद उर्फ नुशाद शामिल हैं। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे कुशफरा गांव में डकैती करने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे। पुलिस के अनुसार, हथौड़ा, छेनी, प्लास और रस्सी का इस्तेमाल वारदात में किया जाना था, जबकि काले कपड़े पहचान छिपाने के लिए रखे गए थे।
थाना प्रभारी देल्हूपुर राधेश्याम ने बताया कि सैफ और मेराज के खिलाफ पहले से लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद हुई हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार ने बताया कि फरार आरोपित की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.