दिल्ली: यमुना में डूबे चार लोगों में से तीन के शव बरामद, चौथे युवक की तलाश जारी

HIGHLIGHTS
- गीता कॉलोनी यमुना खादर में डूबे चार लोगों में से तीन के शव बरामद किए गए।
- पुलिस और गोताखोरों की टीम ने हेमंत और राजन के शव मंगलवार को तलाश अभियान के दौरान निकाले।
- चौथे लापता युवक सचिन की तलाश अभी जारी है।
नई दिल्ली। गीता कॉलोनी स्थित यमुना खादर में सोमवार शाम नहाने के दौरान डूबे चार लोगों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। सोमवार रात 45 वर्षीय सोनू का शव मिलने के बाद मंगलवार सुबह दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मंगलवार को 22 वर्षीय हेमंत और 30 वर्षीय राजन के शव भी बरामद कर लिए। वहीं, चौथे लापता युवक सचिन की तलाश अभी जारी है।
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार, सोमवार शाम गीता कॉलोनी यमुना खादर में चार लोग नहाने के लिए नदी में उतरे थे। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एंबुलेंस और बोट क्लब के गोताखोर मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया।
सोमवार रात गोताखोरों ने सोनू को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा था।
मंगलवार सुबह फिर से शुरू किए गए अभियान में गोताखोरों ने हेमंत और राजन के शव बरामद कर लिए।
चारों युवक थे दोस्त, मजदूरी करते थे
पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी युवक गीता कॉलोनी इलाके के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे। चारों मजदूरी का काम करते थे।
बताया गया कि यमुना में उतरने से पहले उन्होंने शराब पी थी। इसके बाद वे नहाने के लिए नदी में गए और तेज बहाव में फंस गए।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.