गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, पुलिस ने जारी किये वांछित आतंकियों के पोस्टर

नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिल्ली पुलिस ने सतर्कता और कड़ी कर दी है। इस बार जारी किए गए अलर्ट पोस्टरों में पहली बार एक वांछित आतंकी की तस्वीर भी लगाई गई है। यह व्यक्ति मोहम्मद रेहान है, जिसे अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़ा बताया जा रहा है और जिसकी तलाश दिल्ली पुलिस व खुफिया एजेंसियां कर रही हैं।
खुफिया एजेंसियों से मिले संभावित खतरे के इनपुट को देखते हुए कर्तव्य पथ और पूरे नई दिल्ली जिले में अत्याधुनिक तकनीक आधारित बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
कर्तव्य पथ पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा
नई दिल्ली जिले के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह स्थल पर दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों का संयुक्त सुरक्षा घेरा तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों के जाल से कवर किया गया है, जिन्हें एडवांस फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि समारोह के दिन करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अब तक मौके पर 9 बार सुरक्षा रिहर्सल और ब्रीफिंग कराई जा चुकी है। मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार ही कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा।
एंटी-ड्रोन और स्नाइपर टीम तैनात
सुरक्षा के लिहाज से एंटी-ड्रोन यूनिट्स को हवाई निगरानी के लिए लगाया गया है, जबकि ऊंची इमारतों पर स्नाइपर दस्ते तैनात किए गए हैं। इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का भी सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
तीन स्तर की जांच से गुजरेंगे दर्शक
समारोह स्थल में प्रवेश करने वाले पैदल आगंतुकों को कम से कम तीन चरणों की सुरक्षा जांच से गुजरना होगा, जिसमें डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर भी शामिल हैं। वाहनों की भी सघन जांच की जाएगी। पूरे क्षेत्र में अंदरूनी, मध्य और बाहरी सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं।
एआई सिस्टम से होगी संदिग्धों की पहचान
कंट्रोल रूम से एसआई कुलदीप यादव ने बताया कि करीब 1,000 हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं। एआई और एफआरएस सिस्टम की मदद से किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति या चोरी के वाहन की पहचान होते ही अलर्ट जारी कर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
एनक्लोजर और मेट्रो स्टेशन की व्यवस्था
इस वर्ष बैठने के सभी एनक्लोजरों के नाम देश की प्रमुख नदियों के नाम पर रखे गए हैं।
-
उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन: गंगा, यमुना, सिंधु, झेलम, चिनाब, ब्रह्मपुत्र, चंबल, गंडक, घाघरा और गोदावरी एनक्लोजर।
-
केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन: कावेरी, कोसी, कृष्णा, महानदी, नर्मदा, पेरियार, रावी, सतलुज, सोन, तीस्ता, वैगई और यमुना एनक्लोजर।
ये सामान ले जाना प्रतिबंधित
सुरक्षा कारणों से समारोह स्थल के भीतर बैग, ब्रीफकेस, खाने-पीने का सामान, मोबाइल के अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, पावर बैंक, पानी की बोतल, छाता, हथियार, नुकीली वस्तुएं, ज्वलनशील पदार्थ, परफ्यूम, खिलौना हथियार और किसी भी प्रकार का विस्फोटक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें या आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करें। साथ ही, आमंत्रित मेहमान अपने निमंत्रण पत्र में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और केवल निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.