BWF विश्व चैंपियनशिप में आयुष शेट्टी का धमाका, चीन के नंबर-1 खिलाड़ी को दी मात

HIGHLIGHTS
- 21 वर्षीय आयुष शेट्टी ने तीन गेम में मुकाबला अपने नाम किया।
- निर्णायक गेम में 20-19 के करीबी स्कोर के बाद जीत दर्ज की।
- शेट्टी ने पहले गेम में 21-14 से बढ़त बनाई।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के पहले दिन सोमवार को पुरुष एकल में बड़ा उलटफेर किया। आयुष ने चीन के विश्व नंबर-एक शी यू की को हराकर यादगार जीत दर्ज की। बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में 1965 के बाद पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने 21 वर्षीय शेट्टी ने 21-14, 13-21, 21-19 से मुकाबला जीतकर पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बनाई।
आयुष के करियर की सबसे बड़ी जीत
यह आयुष शेट्टी के छोटे से करियर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के दौरान उन्होंने ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को हराया था।
इस साल यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुके शेट्टी ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने पहले गेम में 11-5 की बढ़त बनाई।
चीन के खिलाड़ी ने इस दौरान कई गलतियां कीं। कभी उनका शटल नेट में उलझा तो कभी शॉट कोर्ट से बाहर चला गया। शेट्टी ने इन गलतियों का फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-14 से जीत लिया।
हालांकि, शी ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए वापसी की। उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए शेट्टी को थकाने की रणनीति अपनाई। भारतीय खिलाड़ी से भी गलतियां होने लगीं और शी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
निर्णायक गेम में दिखाई रणनीतिक समझदारी
निर्णायक गेम में शेट्टी ने संयम बनाए रखा और अपनी रणनीति में समझदारी दिखाई। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर जोर दिया और शी को गलतियां करने के लिए मजबूर किया।
शेट्टी ने निर्णायक गेम में 11-5 की बढ़त बनाई और फिर स्कोर 15-5 तक पहुंचा दिया। इससे लगा कि भारतीय खिलाड़ी आसानी से मुकाबला जीत लेंगे। लेकिन शी यू की ने शानदार वापसी की। शेट्टी की गलतियों का फायदा उठाते हुए चीनी खिलाड़ी ने अंतर घटाकर 20-15 कर दिया।
इसके बाद शी ने लगातार चार अंक हासिल किए और स्कोर 20-19 कर दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। दबाव के इस क्षण में शेट्टी ने धैर्य बनाए रखा और अगला अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिली है। वे दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी का सामना करेंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.