दिल्ली मेट्रो में महिला की फोटो खींचने का आरोप, CISF ने ASI को किया निलंबित

HIGHLIGHTS
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
- महिला ने सीआईएसएफ जवान पर मोबाइल से तस्वीरें खींचने का आरोप लगाया।
- आरोपी एएसआई की पहचान ए.के. सिंह के रूप में हुई है।
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो के साकेत स्टेशन पर एक महिला यात्री की बिना अनुमति तस्वीरें खींचने के आरोप के मामले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने कार्रवाई की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सीआईएसएफ ने आरोपी सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) ए.के. सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की उच्च स्तरीय विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
सीआईएसएफ ने जारी किया बयान
वायरल वीडियो में महिला सीआईएसएफ जवान पर मोबाइल से चोरी-छिपे अपनी तस्वीरें खींचने का आरोप लगाती दिखाई दे रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए सीआईएसएफ दिल्ली मेट्रो ने आधिकारिक बयान जारी किया।
बल ने बताया कि एक मेट्रो ट्रेन में महिला यात्री के साथ सीआईएसएफ कर्मी द्वारा कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। विभाग ने मामले को उच्चतम स्तर पर गंभीरता से लिया है। आरोपी कर्मी को निलंबित कर विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित महिला फिलहाल दिल्ली से बाहर
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता रत्ना प्रिया से संपर्क किया। पुलिस के अनुसार, रत्ना प्रिया ने बताया कि घटना के समय वह जुगेष राठौड़ के साथ थीं और उसी दौरान एएसआई ने उनकी तस्वीरें खींचीं।
हालांकि, आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस ने जब महिला से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वह फिलहाल दिल्ली से बाहर हैं।
महिला ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
इसके बाद शिकायतकर्ता ने व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को अपना लिखित बयान भेजा। इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती हैं।
महिला के इनकार के बाद पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस वायरल वीडियो और शिकायतकर्ता के बयान से संबंधित सभी तथ्य सीआईएसएफ के साथ साझा कर रही है। इससे सीआईएसएफ अपने स्तर पर जांच पूरी कर आरोपी जवान के खिलाफ आवश्यक विभागीय कार्रवाई तय कर सकेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.