पीओके में 500 आतंकियों की मौजूदगी का अनुमान, सर्दियों में घुसपैठ का खतरा

HIGHLIGHTS
- आतंकियों को तीन से चार सदस्यों वाले छोटे समूहों में बांटे जाने की जानकारी।
- जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों का जिक्र।
- बर्फीले इलाकों में इस्तेमाल होने वाले विशेष उपकरण दिए जाने का दावा।
श्रीनगर। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बने लॉन्चपैड पर करीब 500 आतंकवादियों के मौजूद होने की आशंका जताई गई है। भारतीय खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, ये आतंकी सर्दियों के दौरान जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ करने की कोशिश कर सकते हैं। सुरक्षा बलों की नजरों से बचने के लिए इन्हें तीन से चार सदस्यों वाले छोटे समूहों में बांटा गया है।
खुफिया अधिकारियों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े आतंकियों को पाकिस्तानी सेना की ओर से विशेष उपकरण दिए गए हैं। इनका इस्तेमाल बर्फीले और ऊंचाई वाले इलाकों में किया जा सकता है।
बर्फबारी के दौरान घुसपैठ की आशंका
खुफिया इनपुट के मुताबिक, लॉन्चपैड के आसपास पाकिस्तानी सैनिक तैनात हैं। ड्रोन के माध्यम से भारतीय सेना की गतिविधियों और घुसपैठ के संभावित रास्तों पर भी नजर रखी जा रही है।
खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि भारी बर्फबारी के बीच भी आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर सकते हैं। वहीं, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा, पीओके और बलूचिस्तान में जारी अशांति के बीच इन गतिविधियों को उसकी आंतरिक चुनौतियों से ध्यान हटाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
सीमा पार से मिल रहे खुफिया इनपुट के मद्देनजर भारतीय सेना सतर्क है। घुसपैठ की संभावनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.