समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गैस रिसाव से हड़कंप, 24 किमी हिस्से में यातायात बंद

HIGHLIGHTS
- रिसाव की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ
- GAIL के विशेषज्ञों ने पाइपलाइन के वाल्व बंद किए
- पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है
मुंबई। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे पर गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से अचानक गैस का रिसाव हो गया। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर शनिवार शाम समृद्धि एक्सप्रेसवे पर हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच 24 किलोमीटर लंबे हिस्से में यातायात बंद कर दिया गया।
सुरक्षा को देखते हुए वाहनों को धुले-सोलापुर हाईवे की ओर डायवर्ट किया गया है। हालांकि, गेल के विशेषज्ञों ने पाइपलाइन के वाल्व बंद कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। इसके बाद पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है।
क्या बोले अधिकारी?
अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे छत्रपति संभाजीनगर जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे के किनारे गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी के पास गेल की पाइपलाइन से गैस रिसाव की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और गेल के अधिकारियों को सूचित करने के साथ एहतियाती कदम उठाए गए।
सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर अग्निशमन उपकरण तैनात किए गए। साथ ही एक्सप्रेसवे के प्रभावित 24 किलोमीटर लंबे हिस्से पर यातायात को तत्काल दूसरे मार्ग पर भेज दिया गया।
मुंबई जाने वालों के लिए रूट डायवर्ट
जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जीसी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि समृद्धि एक्सप्रेसवे पर चेनेज 447 से 470 यानी हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच यातायात को एहतियातन धुले-सोलापुर राजमार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है।
इसके तहत मुंबई जाने वाले वाहनों को हदास पिंपलगांव इंटरचेंज से बाहर निकलकर धुले-सोलापुर राजमार्ग से जाना होगा। इसके बाद मालीवाड़ा इंटरचेंज से वाहन दोबारा समृद्धि एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.