रक्षाबंधन से पहले सोने-चांदी में बड़ी गिरावट, सोना 2250 और चांदी 4039 रुपये टूटी

HIGHLIGHTS
- अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 1,60,550 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर पर पहुंचा।
- चांदी के भाव में 1.36 फीसदी की कमी आई।
- चांदी 4,039 रुपये गिरकर 2,40,088 रुपये पर पहुंच गई।
नई दिल्ली। रक्षाबंधन से एक दिन पहले सोने और चांदी की कीमतों में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली। बुधवार देर रात सोने की कीमत एक झटके में 2,250 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गई। वहीं, चांदी के भाव में 4,039 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर रात 10:15 बजे तक अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने की कीमत में 1.38 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इसका भाव घटकर 1,60,550 रुपये प्रति 10 ग्राम के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया।
2.40 लाख रुपये के स्तर पर पहुंची चांदी
चांदी के भाव में भी तेज गिरावट आई। इसमें 1.36 फीसदी की कमी दर्ज की गई और कीमत 4,039 रुपये घटकर 2,40,088 रुपये पर पहुंच गई। यह चांदी का दिनभर का निचला स्तर रहा।
इस दौरान चांदी का दिनभर का उच्च स्तर 2,46,180 रुपये रहा। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,44,127 रुपये के स्तर पर बंद हुई थी।
सोने-चांदी की कीमतों में क्यों आई गिरावट?
अमेरिका की हालिया महंगाई रिपोर्ट 3.3 फीसदी पर स्थिर रहने के बाद सोने और चांदी की कीमतों में अचानक गिरावट आई। यह आंकड़ा अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व के 2 फीसदी के लक्ष्य से अधिक है। ऐसे में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम हुई, जिससे सोने-चांदी जैसी धातुओं पर दबाव बढ़ा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत गिरकर 4,650 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई और चांदी के भाव में भी कमी आई। इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा। कई दिनों की लगातार तेजी के बाद मुनाफावसूली बढ़ी। इससे दिल्ली में सोने का भाव करीब 600 रुपये गिरकर 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं, देर रात MCX पर भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
बाजार के जानकारों के मुताबिक, निवेशकों को अब अमेरिकी फेड के फैसलों और डॉलर में होने वाले उतार-चढ़ाव पर नजर रखनी चाहिए।
कीमतों में गिरावट पर क्या बोले एक्सपर्ट?
निवेश मंच मुड्रेक्स के लीड क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत ने कहा कि घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में नरमी आई है, क्योंकि कई सप्ताह की तेज बढ़त के बाद कारोबारियों ने मुनाफावसूली की।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि महंगाई और मौद्रिक नीति को लेकर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के रुख से जुड़ा कोई भी संकेत डॉलर, बॉन्ड प्रतिफल और कीमती धातुओं को प्रभावित कर सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.