हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की मांगों पर सरकार झुकी, 14 में 13 मुद्दों पर सहमति

HIGHLIGHTS
- कुरुक्षेत्र के जिमखाना क्लब में सरकार और कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई।
- दोनों दौर की बातचीत करीब साढ़े तीन घंटे चली।
- नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि शामिल हुए।
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी और हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच शनिवार को दो दौर की बैठक हुई। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की 10 सदस्यीय कमेटी ने बातचीत में हिस्सा लिया। जिमखाना क्लब में हुई दोनों बैठकें करीब साढ़े तीन घंटे चलीं।
बैठक में कर्मचारियों की 14 मांगों में से 13 पर सरकार ने सहमति जताई, लेकिन कर्मचारियों को पक्का करने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। कैबिनेट मंत्री ने कर्मचारी नेताओं को बताया कि इस मामले में सरकार कानूनी राय ले रही है और जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की जल्द ही मुख्यमंत्री से बातचीत कराने की बात भी कही। वहीं, कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारियों को पक्का करना उनकी सबसे प्रमुख मांग है और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, हड़ताल खत्म नहीं की जाएगी।
एसडीएम पहुंचे मनाने
पहले दौर की बैठक करीब दो घंटे चली। इस दौरान कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। बैठक से बाहर आने के बाद यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि सरकार के साथ विभिन्न मांगों पर बातचीत हुई, लेकिन कुछ मुद्दों पर मतभेद अभी भी कायम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों को पक्का नहीं करना चाहती और ठेका खत्म करने को लेकर भी सहमति नहीं बनी।
उन्होंने सफाई कर्मचारियों और मैला उठाने वाले कर्मचारियों के साथ भेदभाव का आरोप भी लगाया। नरेश शास्त्री के अनुसार, बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री बैठक से उठकर चले गए, जिसके बाद यूनियन के पदाधिकारी भी बाहर आ गए। इसके बाद एसडीएम अमन कुमार यूनियन नेताओं को मनाने के लिए पहुंचे।
मांगों से पीछे नहीं हटेंगे : नरेश शास्त्री
प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने कहा कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। मंत्री की ओर से दूसरे दौर की बातचीत के लिए बुलावा आने के बाद यूनियन पदाधिकारी फिर बैठक में शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि यूनियन बातचीत के जरिए समस्या का समाधान चाहती है, लेकिन कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस फैसला चाहिए।
बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश प्रधान नरेश शास्त्री, महासचिव मांगे राम तिंगरा, वरिष्ठ उपप्रधान रमेश तोशामड़, उपप्रधान राजेश बागड़ी, मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, प्रदेश कमेटी सदस्य अशोक, हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रदेश प्रधान राजेश सिणद, महासचिव गुलशन भारद्वाज, राज्य सचिव मनजीत भुल्लर और जय प्रकाश शामिल रहे।
पक्का करने पर ली जा रही कानूनी राय : कैबिनेट मंत्री
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि कर्मचारियों की हर मांग और समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यूनियन पदाधिकारियों की बातचीत कराई जाएगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, आयुक्त अशोक मीणा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा समेत यूएलबी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
कृष्ण बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यूनियन पदाधिकारियों के साथ बातचीत की जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को यूनियन के साथ बातचीत हुई और इससे पहले पांच अगस्त को भी बैठक हुई थी। कर्मचारियों ने सरकार के सामने 14 मांगें रखी थीं, जिनमें से 13 पर सरकार ने सहमति जताई है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेशों की पालना के लिए कानूनी राय ली जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.