लातूर: सरकारी स्कूल में बिना अनुमति पहुंचने पर CJP संयोजक अभिजीत दीपके पर FIR

HIGHLIGHTS
- औसा थाने में स्कूल की शिक्षिका ने शिकायत दर्ज कराई।
- शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार धाराओं में FIR दर्ज की।
- दीपके पर छात्रों के बीच बैठकर सवाल पूछने का आरोप है।
मुंबई। महाराष्ट्र के लातूर जिले में सरकारी स्कूलों की बदहाली को लेकर अभियान चला रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संयोजक अभिजीत दीपके और उनके साथियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति सरकारी स्कूल में प्रवेश किया, शैक्षणिक और सरकारी कामकाज में बाधा डाली तथा शिक्षकों को धमकी दी। औसा थाने में जिला परिषद उर्दू स्कूल की शिक्षिका सैयद शमशादबानो की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दीपके चला रहे अभियान
अभिजीत दीपके इन दिनों लातूर जिले के अलग-अलग सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां की समस्याओं को सामने लाने के लिए सीजेपी का ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रहे हैं। इसी अभियान के दौरान औसा के पास जावली स्थित जिला परिषद उर्दू स्कूल में कथित तौर पर यह घटना हुई।
शिकायत के मुताबिक, दीपके अपने साथियों के साथ बिना अनुमति स्कूल परिसर में पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच बैठकर उनसे कई सवाल पूछने लगे। इससे स्कूल के शैक्षणिक कार्य और सरकारी कामकाज में व्यवधान पैदा हुआ। आरोप है कि दीपके ने पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
बदनाम करने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दीपके ने स्कूल को बदनाम करने की कोशिश की। कथित तौर पर उन्होंने दावा किया कि उनके दौरे के समय किसी दूसरे स्कूल के विद्यार्थियों को लाकर कक्षाओं में बैठाया गया था। इसके अलावा शिक्षकों को निलंबित कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 329(3), 351(2) और 356(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इन धाराओं में सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल, अनधिकृत प्रवेश, आपराधिक धमकी और मानहानि से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य तथ्यों की भी पुलिस जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.