बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे व्यवस्था लागू, नई समय-सारिणी जारी

HIGHLIGHTS
- शिक्षा विभाग ने विद्यालय संचालन को लेकर नई समय-सारिणी जारी की।
- शनिवार को कक्षा 1 से 8 तक मध्याह्न भोजन के बाद छात्रों की छुट्टी होगी।
- माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में शनिवार को दोपहर 1 बजे तक पढ़ाई होगी।
बिहार के सरकारी स्कूलों में शनिवार से आधे दिन की व्यवस्था शुरू हो गई है। शिक्षा विभाग ने स्कूल संचालन की समय-सारिणी में बदलाव करते हुए नया आदेश जारी किया है।
नई व्यवस्था के तहत सोमवार से शुक्रवार तक विद्यालय पहले की तरह सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे। वहीं शनिवार को स्कूल सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही चलेंगे।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को मदन मोहन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बिहार के छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
शनिवार को कक्षा 1 से 8 तक के लिए बदली व्यवस्था
विभागीय आदेश के मुताबिक शनिवार को कक्षा एक से आठ तक के छात्रों की पढ़ाई और अन्य तय गतिविधियां दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। इसके बाद 12 बजे से 12:40 बजे तक छात्रों को मध्याह्न भोजन कराया जाएगा। भोजन के बाद छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी।
वहीं माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शनिवार को दोपहर 1 बजे तक पढ़ाई और अन्य निर्धारित गतिविधियां चलेंगी। इसके बाद छात्रों को अवकाश दे दिया जाएगा।
शिक्षकों को विद्यालय छोड़ने से पहले पाठ्य योजना तैयार करने, कॉपियों की जांच, मूल्यांकन कार्य, शिक्षक डायरी अपडेट करने, प्रयोगशाला प्रबंधन और रिमेडियल क्लास से जुड़े काम पूरे करने होंगे।
स्थानांतरण प्रक्रिया में 73,151 शिक्षकों ने किया आवेदन
प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षा मंत्री ने बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत चल रही स्थानांतरण प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि समायोजन और समानुपातीकरण के लिए 29 जुलाई से 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इस दौरान राज्यभर से 73,151 शिक्षकों ने आवेदन किया है।
मंत्री ने कहा कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी। समायोजन और समानुपातीकरण का कार्य 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पारस्परिक स्थानांतरण के लिए मिले 4,259 आवेदन
मिथिलेश तिवारी ने बताया कि पारस्परिक यानी म्यूचुअल स्थानांतरण के लिए कुल 4,259 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस प्रक्रिया को 10 से 14 सितंबर के बीच पूरा किया जाएगा।
सामान्य स्थानांतरण के लिए 16 सितंबर को संशोधित रिक्तियों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 17 से 23 सितंबर तक शिक्षक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
24 सितंबर से 31 अक्टूबर के बीच स्थानांतरण सूची जारी करने, अपीलों के निपटारे और अंतिम आदेश जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि जो शिक्षक पहले आवेदन नहीं कर पाए थे या सरप्लस सूची में शामिल थे, उन्हें भी सामान्य स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान आवेदन करने का मौका दिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.