राजपाल यादव के घर पर बैंक ने चस्पा किया कुर्की का नोटिस, ₹16 करोड़ के लोन से जुड़ा है पूरा मामला

HIGHLIGHTS
- राजपाल यादव की पत्नी और माता के नाम पर लिए गए ₹16.61 करोड़ के लोन मामले में बैंक ने वसूली प्रक्रिया तेज की।
- शाहजहांपुर स्थित संपत्ति पर कुर्की और नीलामी से जुड़ा नोटिस चस्पा किया गया।
- बैंक के अनुसार, बकाया राशि जमा नहीं होने पर 9 सितंबर से नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शाहजहांपुर। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव से जुड़े ऋण मामले में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। बैंक की ओर से उनकी पत्नी राधा यादव और माता गोदावरी के नाम पर लिए गए 16 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण का भुगतान नहीं होने पर शाहजहांपुर की कचहरी रोड स्थित संपत्ति पर कुर्की और नीलामी से संबंधित नोटिस चस्पा किया गया। नोटिस में बकाया राशि जमा नहीं होने की स्थिति में आगे की कार्रवाई का उल्लेख किया गया था।
हालांकि, कुछ समय बाद यह नोटिस मौके से हटा लिया गया। इस बीच राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव ने कहा कि यह मामला नया नहीं है। बैंक के साथ ऋण भुगतान को लेकर सहमति बन चुकी है और प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंबई शाखा से अपनी पत्नी राधा यादव और माता गोदावरी के नाम पर 16 करोड़ 61 लाख रुपये का ऋण लिया था। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण बैंक ने दो वर्ष पहले भी इस संबंध में नोटिस जारी किया था, जिसके बाद ऋण चुकाने को लेकर बातचीत हुई थी।
अब बैंक ने एक बार फिर शाहजहांपुर के कचहरी रोड स्थित परिसर पर ऋण वसूली के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई से जुड़ा नोटिस लगाया है।
नोटिस में कहा गया है कि यदि बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो मुंबई ऋण वसूली न्यायाधिकरण के आदेश के अनुसार संपत्ति की नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें राजपाल यादव के पैतृक गांव कुंडरा स्थित भूमि, वहां बने भवन के साथ-साथ मुंबई और अन्य स्थानों पर स्थित फ्लैट भी शामिल हैं।
इस प्रक्रिया के लिए 9 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अनुज वर्मा ने बताया कि न्यायाधिकरण के आदेश के अनुपालन में नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और इसी क्रम में नोटिस चस्पा किया गया है।
वहीं, राजपाल यादव के बड़े भाई श्रीपाल यादव का कहना है कि बैंक से जुड़ा यह पुराना मामला है और इसका समाधान निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल संपत्ति की नीलामी जैसी कोई स्थिति नहीं है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.