अखिलेश यादव की फोटो वाली कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, कांवड़िया बोले- भैया जी हमारे भगवान

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के शिव चौक से अखिलेश यादव की तस्वीर लगी अनोखी कांवड़ गुजरी।
- नोएडा निवासी बॉबी यादव ने 2027 में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की कामना से यह कांवड़ उठाई।
- कांवड़ को देखने के लिए राहगीर रुके और कई लोगों ने वीडियो व फोटो बनाए।
मुजफ्फरनगर। सावन की कांवड़ यात्रा के दौरान बुधवार सुबह मुजफ्फरनगर में एक अनोखी कांवड़ देखने को मिली, जिसने श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों का भी ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस कांवड़ पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर लगी हुई थी।
बताया जा रहा है कि इस सावन में पहली बार अखिलेश यादव के नाम और तस्वीर वाली कांवड़ मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध शिव चौक से होकर गुजरी। कांवड़ को देखने के लिए मौके पर मौजूद कई लोग रुक गए और उन्होंने इसकी तस्वीरें व वीडियो अपने मोबाइल में कैद किए।
2027 में अखिलेश यादव के सीएम बनने की कामना
जानकारी के मुताबिक, नोएडा निवासी बॉबी यादव हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने साथियों के साथ नोएडा के एक शिव मंदिर के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि वह यह कांवड़ अखिलेश यादव के वर्ष 2027 में दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने की कामना के साथ लेकर चल रहे हैं।
बॉबी यादव ने कहा कि वह भगवान शिव के श्रद्धालु हैं और पूरी आस्था के साथ यह संकल्प लेकर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने बताया कि उनकी इच्छा है कि भगवान शिव से प्रार्थना कर अखिलेश यादव के लिए सफलता की कामना की जाए।
थार गाड़ी के साथ चल रहा काफिला
बॉबी यादव के साथ उनके साथी भी यात्रा में शामिल हैं। बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान साथी सजी हुई थार गाड़ी के साथ चल रहे हैं। जैसे ही कांवड़ मुजफ्फरनगर के शिव चौक पहुंची, वहां मौजूद लोगों में इसे लेकर उत्सुकता दिखाई दी।
अखिलेश यादव की तस्वीर वाली यह कांवड़ अब कांवड़ यात्रा के दौरान चर्चा का विषय बनी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.