कांवड़ यात्रा 2026: मुजफ्फरनगर में हाई अलर्ट, ATS ने संभाला सुरक्षा मोर्चा

HIGHLIGHTS
- कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर मुजफ्फरनगर में ATS समेत कई सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया है।
- एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
- पूरे कांवड़ मार्ग पर विशेष फोर्स, डॉग स्क्वॉड, एंटी सबोटाज टीम और कंट्रोल रूम के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है।
मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है। बुधवार को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) का दस्ता जनपद पहुंचा। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शिव चौक से मीनाक्षी चौक तक पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान ATS, RRF, QRT और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों ने पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। शिव चौक पहुंचने पर एसएसपी और एसपी सिटी ने शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत करते हुए निर्धारित कांवड़ मार्ग का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फोर्स की तैनाती की गई है और पूरे कांवड़ मार्ग पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को निर्देश दिए कि वे संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में नियमित गश्त करें, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए अस्थायी पुलिस चौकियां, सहायता केंद्र और कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए हैं। डॉग स्क्वॉड, एंटी सबोटाज (AS) चेक टीम और अन्य सुरक्षा इकाइयां लगातार चेकिंग अभियान चला रही हैं, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.