दिल्ली छात्र प्रदर्शन हिंसा पर बोले केशव मौर्य- पुलिस की आड़ में घुसे गुंडों ने चलाए लाठी-डंडे

HIGHLIGHTS
- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली छात्र प्रदर्शन में हिंसा के लिए पुलिस की आड़ में आए गुंडों को जिम्मेदार बताया।
- उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
- बरेली में प्रेसवार्ता के दौरान विपक्ष पर छात्रों को राजनीति में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
बरेली। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने नहीं, बल्कि पुलिस की आड़ में घुसे गुंडों ने लाठी और डंडे चलाए। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर मौजूद हैं, जिनके आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को बरेली पहुंचे डिप्टी सीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं कई बार हुई हैं, लेकिन इसके बाद नीट की परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई और परिणाम भी जारी हो चुका है। उनके अनुसार छात्रों को परीक्षा को लेकर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन विपक्ष छात्रों को ढाल बनाकर राजनीति कर रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदर्शन करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कानून व्यवस्था को चुनौती देने और बच्चों पर हमला करने वालों को पुलिस ने सबक सिखाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग कांग्रेस, सपा और आप से जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने ही कल्याण सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के समय लागू किए गए नकल अध्यादेश को वापस लिया था। उन्होंने कहा कि नकल के मुद्दे पर सपा नेताओं को बात नहीं करनी चाहिए। भाजपा की लोकप्रियता से विपक्ष परेशान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल विपक्ष के आरोप लगाने से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होगा।
धरना स्थल तय होने के बाद प्रधानमंत्री आवास जाने की जरूरत नहीं थी
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मंगलवार को दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में पहुंचे राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि जब धरना स्थल तय है तो प्रधानमंत्री आवास जाने की जरूरत नहीं थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों को आगे कर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब जानती है और इसका जवाब जरूर देगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भी युवा ही कमल खिलाएंगे।
कुंवर भवन में डिप्टी सीएम का हुआ स्वागत
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को शहर स्थित कुंवर भवन पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया।
इस दौरान जिला पंचायत बरेली की प्रशासक रश्मि पटेल, भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी और महापौर डॉ. उमेश गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने उपमुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.