मेरठ: गौड़ यमुना सिटी में LLB छात्र ने पांचवीं मंजिल से कूदकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

HIGHLIGHTS
- गौड़ यमुना सिटी में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के LLB छात्र कार्तिक शर्मा की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत।
- कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस मोबाइल और कॉल डिटेल समेत डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है।
- परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।
मेरठ: गौड़ यमुना सिटी के गलगोटिया यूनिवर्सिटी के एलएलबी छात्र मेरठ निवासी कार्तिक शर्मा (20) ने बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में बहुमंजिला इमारत की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। गंभीर रूप से घायल कार्तिक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कार्तिक शर्मा मेरठ के दौराला क्षेत्र का रहने वाला था। वह गलगोटिया यूनिवर्सिटी में एलएलबी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। यूनिवर्सिटी से करीब आठ किलोमीटर दूर गौड़ यमुना सिटी में वह किराये के कमरे में अकेला रहकर पढ़ाई करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे कार्तिक अपने विला से निकला और सोसाइटी की एक ऊंची इमारत की पांचवीं मंजिल पर पहुंच गया। इसके बाद उसने वहां से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रबूपुरा थाना पुलिस ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी श्याम शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
कमरे से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटना के बाद पुलिस ने कार्तिक के कमरे की तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट या ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके। शुरुआती जांच में पुलिस मानसिक तनाव या किसी निजी परेशानी की आशंका जता रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मां के लौटने के कुछ देर बाद उठाया कदम
पुलिस के अनुसार, कार्तिक की मां गुड़िया शर्मा होमगार्ड हैं और मेरठ में तैनात हैं। मंगलवार को वह बेटे से मिलने गौड़ यमुना सिटी आई थीं। बुधवार सुबह वह वापस मेरठ के लिए रवाना हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, मां के जाने के कुछ देर बाद ही कार्तिक कमरे से निकला और इमारत से छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मां रास्ते से ही वापस लौट आईं।
कार्तिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मोबाइल और डिजिटल गतिविधियों की जांच शुरू
कमरे से कोई सुसाइड नोट या संदिग्ध सामग्री नहीं मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और डिजिटल गतिविधियों तक बढ़ा दिया है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा कार्तिक के सहपाठियों, दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह हाल के दिनों में किसी तनाव या विवाद से गुजर रहा था या नहीं।
दौराला में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
कार्तिक की मौत की खबर से दौराला स्थित उसके घर में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कार्तिक की मां अर्चिता उर्फ गुड़िया दौराला थाने में पीआरडी जवान के रूप में तैनात हैं, जबकि पिता पंकज हापुड़ में निजी नौकरी करते हैं।
कार्तिक के ताऊ शिवकुमार ने बताया कि वह पढ़ाई में होनहार था और भविष्य में वकील बनकर परिवार का नाम रोशन करना चाहता था। उन्होंने कहा कि कार्तिक किसी मानसिक परेशानी में नहीं था और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता।
परिवार ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद दौराला थाने के पुलिसकर्मी भी पीआरडी जवान अर्चिता के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.