महराजगंज के जवाहर नवोदय विद्यालय की दाल में मिला मरा मेंढक, मचा हंगामा

HIGHLIGHTS
- घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की बताई गई है।
- कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में मेंढक मिला।
- मेंढक मिलने के बाद छात्रों ने भोजन करना बंद कर दिया।
महराजगंज। जवाहर नवोदय विद्यालय महराजगंज में रविवार सुबह छात्रों को परोसी गई दाल में मरा हुआ मेंढक मिलने से हड़कंप मच गया। कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में दाल के अंदर मेंढक मिलने के बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद अन्य छात्रों ने भी अपनी थालियां जांचनी शुरू कर दीं।
मेंढक मिलने के बाद नाराज छात्रों ने खाना खाना बंद कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर विद्यालय प्रशासन मौके पर पहुंचा और छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद खाना फेंकवाकर दोबारा भोजन तैयार कराया गया। विद्यालय के आवासीय परिसर में कक्षा छह से 12 तक करीब 100 विद्यार्थी रहकर पढ़ाई करते हैं। इन छात्रों के लिए भोजन विद्यालय परिसर में ही तैयार कराया जाता है।
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
रविवार सुबह करीब नौ बजे नाश्ते के बाद छात्रों को दाल, चावल और सब्जी परोसी गई। खाना खाते समय कक्षा नौ के एक छात्र की थाली में दाल में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। इसके बाद छात्र ने शोर मचाया। मेंढक मिलने की जानकारी सामने आते ही छात्रों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने भोजन करना बंद कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। बाद में घटना की जानकारी अभिभावकों को हुई तो कुछ अभिभावक विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई।
वाइस प्रिंसिपल धीरज कुमार ने बताया कि एक बच्चे की थाली में मरा हुआ मेंढक मिलने की शिकायत मिली है। खाना फेंकवाकर दोबारा तैयार कराया गया। मामले की जांच कराई जा रही है और लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य की भी जांच कराई गई है और सभी बच्चे स्वस्थ हैं। भोजन में मेंढक कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जा रही है।























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.