दिल्ली के शालीमार गांव में गैराज में भीषण आग, 18 ई-रिक्शा चपेट में आए; छह लोगों को बचाया गया

HIGHLIGHTS
- उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार गांव में रविवार को गैराज में आग लग गई।
- आग गैराज के ग्राउंड फ्लोर पर बनी ई-रिक्शा पार्किंग में लगी।
- घटना में पार्किंग में खड़े 18 ई-रिक्शा आग की चपेट में आ गए।
बाहरी दिल्ली। उत्तर पश्चिम दिल्ली के शालीमार गांव में रविवार को एक गैराज में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गैराज के ग्राउंड फ्लोर पर बनी ई-रिक्शा पार्किंग में लगी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
इस घटना में पार्किंग में खड़े 18 ई-रिक्शा आग की चपेट में आ गए। वहीं, दमकलकर्मियों ने इमारत की तीसरी मंजिल पर फंसे दो बच्चों, दो पुरुषों और दो महिलाओं सहित कुल छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
दमकल विभाग के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे शालीमार गांव में मस्जिद के नजदीक रमेश डॉक्टर वाली गली स्थित एक गैराज में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की दो वॉटर टेंडर (डब्ल्यूटी), दो वॉटर बाउजर (डब्ल्यूबी) और एक क्यूआरवी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय पुलिस कर रही मामले की जांच
दमकल अधिकारी सीताराम की निगरानी में कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दोपहर करीब 2:05 बजे आग पर काबू पाने की सूचना दी गई। इसके बाद आग बुझाने की पूरी कार्रवाई समाप्त होने पर शाम करीब 4:05 बजे स्टॉप संदेश जारी किया गया।
आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। वहीं, मामले की आगे की जांच स्थानीय पुलिस कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.