गोवा फिल्म महोत्सव में तुर्किये के फिल्मकार को पुरस्कार, गाजा के नाम किया समर्पित; इस्राइल ने जताई आपत्ति

HIGHLIGHTS
- गोवा में 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शनिवार को समापन हुआ।
- तुर्किये के फिल्मकार फैसल सोयसल की फिल्म 'रहमा' को आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक मिला।
- सोयसल ने यह पुरस्कार फलस्तीन के लोगों और खासकर गाजा के बच्चों को समर्पित किया।
आज दुनिया को महात्मा गांधी जैसे नेताओं की जरूरत है, जो मानवता को सही दिशा दिखा सकें और न्याय, आजादी तथा वैश्विक शांति का संदेश दे सकें। ये विचार तुर्किये के फिल्मकार फैसल सोयसल ने व्यक्त किए। उन्होंने शनिवार को गोवा में आयोजित 57वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित किया।
उनकी फिल्म 'रहमा' को अंतरराष्ट्रीय फिल्म, टेलीविजन और दृश्य-श्रव्य संचार परिषद (आईसीएफटी)-यूनेस्को गांधी पदक से सम्मानित किया गया। सोयसल ने यह पुरस्कार फलस्तीन के लोगों, खासकर गाजा के बच्चों को समर्पित किया। उन्होंने मानवीय संकट पर दुनिया के नेताओं की चुप्पी की आलोचना भी की। उनके इस संदेश पर भारत में इस्राइल के महावाणिज्यदूत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
समारोह में शामिल नहीं हो सके फिल्मकार
फैसल सोयसल समापन समारोह में मौजूद नहीं हो सके। ऐसे में उन्होंने अपना संदेश भेजा, जिसे उनके मित्र और छायाकार एम्रे पेकर ने समारोह में पढ़कर सुनाया। पेकर ने ही उनकी ओर से पुरस्कार भी स्वीकार किया।
अपने संदेश में सोयसल ने कहा, 'इतिहास में मानवता अपने सबसे अंधकारमय दौर से इसलिए बच पाई है, क्योंकि अच्छे लोग उम्मीद और विश्वास के साथ एकजुट हुए हैं।'
फिल्मकार ने गाजा की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वहां बच्चे भूख से मर रहे हैं और अस्पतालों को बमबारी में तबाह किया जा रहा है। उन्होंने राजनेताओं की खामोशी पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि वे डर तथा अपने निजी स्वार्थ को प्राथमिकता दे रहे हैं।
सोयसल ने कहा, 'हमारी आंखों के सामने नरसंहार हो रहा है। बच्चे भूख से खत्म किए जा रहे हैं और अस्पतालों को बमों से तबाह किया जा रहा है। राजनेता डर और अपने स्वार्थ के कारण चुप रहना चुन रहे हैं। लेकिन संवेदनशील लोग सड़कों पर उतर रहे हैं। वे चुप रहने को तैयार नहीं हैं।'
फलस्तीन के लोगों को पदक समर्पित करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान वहां खो चुकी मानवता के दोबारा जन्म का प्रतीक बनेगा। उन्होंने विशेष रूप से गाजा के बच्चों का उल्लेख किया और कहा कि वे अब भी उम्मीद बनाए हुए हैं।
इस्राइली राजनयिक ने क्यों जताई आपत्ति?
फिल्मकार के संदेश पर भारत में इस्राइल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के पुरस्कार समारोह का इस्तेमाल किसी दूसरे उद्देश्य के लिए किए जाने से उन्हें गहरा दुख हुआ है।
रेवाच ने असहमति जताने और इस्राइल की आलोचना करने के अधिकार को स्वीकार किया, लेकिन फिल्मकार की टिप्पणियों पर सवाल उठाए। इसके लिए उन्होंने तुर्किये का उदाहरण देते हुए कहा कि उसने अर्मेनियाई नरसंहार को मान्यता देने से इनकार किया है। उन्होंने वहां राजनीतिक विरोध और अभिव्यक्ति की आजादी पर लगी पाबंदियों का भी उल्लेख किया।
रेवाच ने फिल्मकारों पर जानबूझकर ऐसी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य मतभेद पैदा करना और भारत-इस्राइल संबंधों को कमजोर करना है। उन्होंने कुछ घंटे बाद एक और पोस्ट भी किया।
क्या है फिल्म 'रहमा' की कहानी?
फिल्म 'रहमा' का निर्देशन फैसल सोयसल ने किया है। इसकी कहानी मरियम नाम की एक पुरातत्वविद के इर्द-गिर्द घूमती है, जो संतान पैदा करने के लिए संघर्ष कर रही है। वह तुर्किये के शानलिउर्फा में रहती है। उसकी जिंदगी उस समय बदल जाती है, जब उसकी मुलाकात रहमा नाम की नौ साल की सीरियाई अनाथ बच्ची से होती है।
समय के साथ दोनों के बीच गहरा रिश्ता बन जाता है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की जूरी ने इसी फिल्म को आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक के लिए चुना था।
जूरी ने फिल्म के संवेदनशील निर्देशन, सहानुभूति और भावनात्मक कहानी की तारीफ की। अपने फैसले में जूरी ने इसे 'बेहद उत्कृष्ट कृति' बताया। फिल्म की मानवीय कहानी, शानदार संवेदनशीलता और कलाकारों के अभिनय की सराहना की गई। अभिनेत्री डेनिज इन और गैर-पेशेवर युवा कलाकार नागम बीरे के अभिनय को विशेष रूप से सराहा गया।
'कांतारा' को रजत मयूर, स्पेनिश फिल्म ने जीता स्वर्ण मयूर
समापन समारोह में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से आई फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। ऋषभ शेट्टी को फिल्म 'कांतारा: ए लेजेंड चैप्टर वन' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पुरुष) का रजत मयूर पुरस्कार दिया गया।
वहीं, स्पेनिश भाषा की फिल्म 'द मेल्टडाउन' में अभिनय के लिए माया ओ'रूर्के को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इस फिल्म का निर्देशन मैनुएला मार्टेली ने किया है। जर्मन फिल्मकार वोल्कर श्लोंडॉर्फ को उनकी फिल्म 'विजिटेशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान दिया गया।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म का स्वर्ण मयूर पुरस्कार स्पेनिश भाषा की फिल्म 'आकी' को मिला। इसका निर्देशन तियागो गेदेस ने किया है, जबकि इसके निर्माता पाउलो ब्रांको हैं।
विशेष जूरी पुरस्कार अर्जेंटीना की फिल्म 'द रिवर ट्रेन' को दिया गया। इस फिल्म का निर्देशन लोरेंजो फेरो और लुकास ए विग्नाले ने किया है। इसके अलावा, फिल्म 'कांतारा: ए लेजेंड चैप्टर वन' को तकनीकी उपलब्धियों, दमदार संगीत और दर्शकों को कहानी से जोड़ने के लिए विशेष उल्लेख भी मिला।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.