भूकंप के बीच पायलट की सूझबूझ ने टाला विमान हादसा, पिता बोले- बेटे पर गर्व है

HIGHLIGHTS
- अमेरिका के लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर भूकंप के कारण विमान हादसा टल गया।
- दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार, 28 नवंबर को 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था।
- डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट 1972 रनवे के बेहद करीब पहुंच चुकी थी।
वाशिंगटन। अमेरिका के लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) पर उस समय बड़ा विमान हादसा टल गया, जब लैंडिंग से कुछ सेकंड पहले तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रेडियो पर पायलट की बेहद शांत और संयमित आवाज सुनाई दे रही है।
अब इस घटना से जुड़ी एक भावुक जानकारी भी सामने आई है। विमान के को-पायलट के पिता ने सोशल मीडिया पर बताया कि रेडियो पर सुनाई दे रही शांत आवाज उनके बेटे की ही थी।
पिता बोले- बेटे पर मुझे बहुत गर्व है
डेल्टा एयर लाइन्स की फ्लाइट 1972 में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में तैनात पायलट के पिता टॉड क्रॉस्बी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो साझा किया। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि उन्हें अपने बेटे पर बहुत गर्व है, जो इस फ्लाइट में फर्स्ट ऑफिसर था।
उन्होंने बताया कि भूकंप के कारण लॉस एंजिल्स में विमान की लैंडिंग आखिरी क्षणों में रोकनी पड़ी। रेडियो पर सुनाई देने वाली आवाज उनके बेटे की ही है। उन्होंने इसे एक पिता के लिए गर्व का बेहद खास पल बताया।
कैसे टला बड़ा विमान हादसा?
कैमरे में कैद यह घटनाक्रम शनिवार, 28 नवंबर का है। उस दिन दक्षिणी कैलिफोर्निया में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया था। डेल्टा एयर लाइन्स का विमान उस समय रनवे के बेहद करीब पहुंच चुका था और कुछ ही सेकंड में जमीन पर उतरने वाला था।
ATC की चेतावनी पर पायलट ने लिया फैसला
इसी दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने पायलटों को तेज भूकंप आने की चेतावनी दी और तत्काल लैंडिंग रोककर गो-अराउंड करने का निर्देश दिया। पायलटों ने बिना घबराए बेहद संयम के साथ निर्देशों का पालन किया और विमान को सुरक्षित तरीके से दोबारा आसमान की ओर मोड़ लिया।
एविएशन लाइवस्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म 'एयरलाइन वीडियोज लाइव' के कैमरे में यह पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में दिखाई देता है कि विमान जैसे ही रनवे के करीब पहुंचता है, भूकंप के झटकों से कैमरा तेजी से हिलने लगता है। इसी दौरान बैकग्राउंड में कारों के अलार्म बजने की आवाजें भी सुनाई देती हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.