भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले क्रिकेटर मोहम्मद शमी, राजनीति में आने की अटकलें तेज

HIGHLIGHTS
- भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की।
- इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे।
- मुलाकात की तस्वीर सामने आई है, जिसमें तीनों एक साथ नजर आ रहे हैं।
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की है। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे। मुलाकात की तस्वीर सामने आई है, जिसमें शमी, नितिन नवीन और कुंवर बासित अली एक साथ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात में किन मुद्दों पर बातचीत हुई, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
जयंत चौधरी से भी कर चुके हैं मुलाकात
मोहम्मद शमी की हालिया मुलाकातों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने से पहले भारतीय क्रिकेटर ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से भी मुलाकात की थी। इन मुलाकातों के बाद शमी के राजनीति में कदम रखने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
दरअसल, जयंत चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर मोहम्मद शमी के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की थी। उन्होंने शमी जैसे महान क्रिकेटर से मिलना सुखद अनुभव बताया था। इस मुलाकात के बाद अमरोहा सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था।
अमरोहा के रहने वाले हैं मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी मूल रूप से अमरोहा के सहसपुर अलीनगर के निवासी हैं। बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के राजनीति में आने की चर्चाएं चल रही हैं। दिल्ली में जयंत चौधरी के साथ हुई मुलाकात के बाद इन अटकलों को और बल मिला।
इसके बाद शमी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद थे। इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है।
हालांकि, मोहम्मद शमी की इन मुलाकातों की वजह और उनके राजनीति में आने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में उनके सियासी सफर को लेकर फिलहाल लगाई जा रही अटकलों को केवल चर्चाओं के तौर पर ही देखा जा रहा है।































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.