शहजाद भट्टी नेटवर्क को आतंकी घोषित करने की तैयारी, यूपी सरकार ने गृह मंत्रालय को भेजी संस्तुति

HIGHLIGHTS
- एटीएस और एसटीएफ की कार्रवाई में 52 लोग गिरफ्तार
- जांच में नेटवर्क से जुड़े 175 संदिग्धों को चिह्नित किया गया
- 62 संदिग्धों से पूछताछ कर निगरानी की जा रही है
लखनऊ। आईएसआई समर्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके पाकिस्तानी हैंडलरों को आतंकी घोषित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से संस्तुति की है। रिपोर्ट में इस नेटवर्क पर भारत में अस्थिरता पैदा करने की साजिश का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया गया है।
आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्रवाई में भट्टी नेटवर्क से जुड़े 52 लोगों की गिरफ्तारी और 175 संदिग्धों की जानकारी जुटाए जाने का उल्लेख है। इनमें से 62 लोगों को चिह्नित कर पूछताछ की गई है और उनकी निगरानी की जा रही है।
केंद्रीय और राज्य की खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि भारत की एकता, अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश के तहत पाकिस्तानी शहजाद भट्टी नेटवर्क सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को गुमराह कर अपने नेटवर्क में शामिल कर रहा है। उसके साथ आबिद जट्ट, हम्माद मेमन उर्फ हम्माद बरकाती, जावेद पाकिस्तानी, रजा भाई पाकिस्तानी, अजमल गुर्जर पाकिस्तानी, राशिद भट्टी, राणा हुसैन, मेजर इकबाल, मेजर हमीद और मेजर अनवर के भी इस साजिश को आगे बढ़ाने की बात सामने आई है।
यह नेटवर्क उत्तर प्रदेश के युवाओं को धन और काम का लालच देकर रेडिक्लाइज कर रहा है। मुस्लिम धर्म छोड़ चुके लोगों, हिंदू धार्मिक नेताओं और पुलिसकर्मियों की हत्या के लिए उकसाने का भी आरोप है।
52 लोगों की गिरफ्तारी
एटीएस और एसटीएफ ने 26 मई को शहजाद भट्टी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए समन्वित अभियान चलाया था। इस दौरान नेटवर्क से जुड़े 175 लोगों को चिह्नित किया गया। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 12 अभियोग दर्ज किए गए और 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू, ज्वलनशील लिक्विड और आपत्तिजनक पोस्टर बरामद किए गए।
UAPA के तहत कार्रवाई की संस्तुति
प्रदेश सरकार ने इस सक्रिय नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से मिले साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी है। इसमें शहजाद भट्टी नेटवर्क और उसके सदस्यों को विधि विरुद्ध क्रिया कलाप (निवारण) अधिनियम-1967 के तहत आतंकी घोषित करने और अधिनियम की चौथी अनुसूची में शामिल करने की संस्तुति की गई है।
यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था एवं एसटीएफ अमिताभ यश ने शहजाद भट्टी के नेटवर्क को आतंकी संगठन घोषित करने की रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कई संदिग्ध लोगों की निगरानी की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.