जयपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या, पत्नी और तीन बेटियों की मौत से सनसनी

HIGHLIGHTS
- घटना करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा की बताई जा रही है।
- पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को मौके पर बुलाया।
- आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा की बताई जा रही है। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी राहुल झा ने अपने घर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने घर में मौजूद ईंटों और निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाले पत्थरों के टुकड़ों से चारों के सिर पर कई वार किए। हमले में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में पत्नी और तीन बेटियां शामिल
मृतकों में आरोपी की पत्नी के साथ उसकी तीन बेटियां शामिल हैं। तीनों बेटियों की उम्र 17 से 23 साल के बीच बताई जा रही है। घर के भीतर चार खून से सनी लाशें मिलने के बाद आसपास के लोग भी दहशत में हैं।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राहुल झा मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घर को अपने कब्जे में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एफएसएल टीम घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके।
पारिवारिक कलह को माना जा रहा वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे पारिवारिक कलह को मुख्य वजह माना जा रहा है। पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) प्रशांत किरण ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.