मुजफ्फरनगर: बारिश में मोबाइल खोने से परेशान था डिलीवरी बॉय, सपा विधायक ने भेंट किया नया मोबाइल

HIGHLIGHTS
- रामपुरी निवासी विशाल डिलीवरी का काम करता है
- बाइक फिसलने के दौरान पानी में गिरा था मोबाइल
- फोन किस्तों पर खरीदा था, अब तक तीन किस्तें जमा की थीं
मुजफ्फरनगर। दो दिन पहले हुई मूसलाधार बारिश के दौरान शिव चौक पर जलभराव में 45 हजार रुपये का मोबाइल गंवाने वाले डिलीवरी बॉय विशाल की परेशानी अब कम हो गई है। मोबाइल पानी में गिरने के बाद उसे तलाशते हुए भावुक हुए विशाल की मदद के लिए चरथावल से सपा विधायक पंकज मलिक आगे आए। विधायक ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे विशाल को अपने आवास पर बुलाकर नया मोबाइल फोन दिया।
रामपुरी निवासी विशाल डिलीवरी का काम करता है। दो दिन पहले तेज बारिश के दौरान वह डिलीवरी देने के लिए शिव चौक पहुंचा था। उस समय शिव चौक पर काफी पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बाइक फिसलने से उसका मोबाइल पानी में गिर गया।
विशाल ने जलभराव के बीच काफी देर तक मोबाइल तलाशने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं मिला। काफी प्रयास के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर वह भावुक हो गया था। विशाल के मुताबिक, उसने करीब 45 हजार रुपये का मोबाइल किस्तों पर खरीदा था और फोन गुम होने तक वह केवल तीन किस्तें ही जमा कर पाया था।
मोबाइल खोने से विशाल के सामने दोहरी परेशानी खड़ी हो गई थी। एक ओर डिलीवरी के काम के लिए जरूरी फोन चला गया था, वहीं दूसरी ओर उसकी बाकी किस्तें भी चुकानी थीं। सीमित आमदनी में नया मोबाइल खरीदना उसके लिए आसान नहीं था।
मोबाइल तलाशते समय विशाल ने नगर पालिका और प्रशासन से भी मदद की अपील की थी। उसका कहना था कि वह डिलीवरी का काम करके परिवार चलाता है और मोबाइल उसके रोजगार का जरूरी हिस्सा है।
विशाल की परेशानी की जानकारी विधायक पंकज मलिक को हुई। इसके बाद विधायक ने उससे संपर्क किया और उसे अपने आवास पर बुलाया। विधायक ने विशाल को नया मोबाइल फोन भेंट किया, ताकि वह दोबारा अपना डिलीवरी का काम सुचारू रूप से कर सके।
नया मोबाइल मिलने के बाद विशाल ने विधायक का आभार जताया। मोबाइल पानी में गुम होने के बाद परेशान विशाल को अब दोबारा अपना काम शुरू करने का सहारा मिल गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.