मुजफ्फरनगर: डायल-112 की गाड़ी खेत में पलटी, तीन पुलिसकर्मी घायल

HIGHLIGHTS
- मंसूरपुर थाना क्षेत्र में डायल-112 की PRV-5909 खेत में पलटी, तीन पुलिसकर्मी घायल।
- इवेंट पर जाते समय मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा।
- पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन बाहर निकाला, दुर्घटना के कारणों की जांच जारी।
मुजफ्फरनगर में शुक्रवार सुबह डायल-112 की पुलिस गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा मंसूरपुर थाना क्षेत्र में मंसूरपुर गांव से पहले छोटे रजवाहे के पास हुआ, जहां एक इवेंट पर जा रही PRV-5909 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा पलटी।
जानकारी के मुताबिक, सिखेड़ा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 टीम को मंसूरपुर क्षेत्र से एक सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि बिहारी की तरफ से मंसूरपुर जाते समय रास्ते में एक मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पीआरवी सड़क किनारे उतरकर गहरे खेत में पलट गई।
हादसे के समय वाहन में तैनात कांस्टेबल प्रवीण, कांस्टेबल हरेंद्र और कांस्टेबल बसंत मौजूद थे। दुर्घटना में तीनों पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि किसी को गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने खुद को वाहन से बाहर निकाला और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से खेत में पलटी डायल-112 की गाड़ी को बाहर निकलवाया। घायल पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मोड़ पर वाहन के असंतुलित होने की बात सामने आई है, हालांकि ब्रेक फेल होने की संभावना समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.