मुजफ्फरनगर: गांव में घुसा तेंदुआ, पालतू कुत्ते का किया शिकार; ग्रामीणों में डर का माहौल

HIGHLIGHTS
- पीपल शाह गांव में तेंदुआ घर के बाहर से पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया और मार डाला।
- घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल, वन विभाग से पकड़ने की मांग।
- भाकियू नेता विकास शर्मा ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मुजफ्फरनगर। जिले के पीपल शाह गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया है। मंगलवार रात करीब 9 बजे एक तेंदुआ गांव में पहुंच गया और घर के बाहर बंधे पालतू कुत्ते को अपना शिकार बना लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ कुत्ते को उठाकर कुछ दूरी तक ले गया और वहां उसकी जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने शोर मचाते हुए तेंदुए का पीछा किया, जिसके बाद वह कुत्ते का शव छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृत कुत्ते के गले पर गहरे दांतों के निशान मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत तेंदुए के हमले में हुई है। घटना के बाद गांव के लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तेंदुआ आबादी के बीच तक पहुंच रहा है तो कभी भी इंसानों पर हमला कर सकता है।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद भारतीय किसान यूनियन के नेता और जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा गांव पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।
विकास शर्मा ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों की शिकायतों के बावजूद वन विभाग मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग को किसी बड़ी घटना का इंतजार नहीं करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो डीएफओ कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बढ़ाई गश्त और पिंजरा लगाने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने, पिंजरा लगाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि तेंदुए की दहशत के कारण ग्रामीणों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.