मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार शाम करीब 6 बजे एक शिवभक्त की अचानक तबीयत बिगड़ने से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दिल्ली के यमुना विहार निवासी आयुष पुत्र हरवीर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान कच्ची सड़क पर गाजा वाली पुलिया के पास अचानक उनकी हालत खराब हो गई और वह चलते-चलते सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद शिवभक्तों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उनकी मदद शुरू कर दी। एक अज्ञात शिवभक्त ने सबसे पहले उनकी कांवड़ को संभाला, जिससे पवित्र गंगाजल और कांवड़ सुरक्षित रह सके। वहीं अन्य लोगों ने उन्हें हवा की और पानी के छींटे मारकर होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन तुरंत कोई सुधार नहीं हुआ।
इमरजेंसी सहायता की सूचना दी गई
मौके पर मौजूद पत्रकारों ने कांवड़ कंट्रोल रूम को सूचना देकर इमरजेंसी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी इंद्रजीत सिंह तुरंत मौके पर पहुंच गए।
थाना प्रभारी ने बिना देर किए बेहोश शिवभक्त को अपनी सरकारी गाड़ी से अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज शुरू कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी खुद पैदल ही अहिल्याबाई चौक की ओर वापस लौटे और अपनी ड्यूटी में लग गए।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि तेज गर्मी, उमस और लगातार पैदल चलने की वजह से शिवभक्त की तबीयत खराब हुई। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
बताया गया कि घटना के समय आयुष अकेले यात्रा कर रहे थे। उनके कुछ साथी आगे निकल चुके थे, जबकि कुछ पीछे रह गए थे। ऐसे में मौके पर मौजूद अज्ञात शिवभक्तों, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.