पीएम मोदी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और वेनेजुएला के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने तथा विभिन्न रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा, दवा उद्योग, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने पर भी जोर दिया गया।
विदेश मंत्री जयशंकर ने भी की मुलाकात
प्रधानमंत्री से मुलाकात से पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने डेल्सी रोड्रिगेज से भेंट की। उन्होंने भारत-वेनेजुएला संबंधों को मजबूत बनाने में रोड्रिगेज की दीर्घकालिक भूमिका की सराहना की।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए संदेश में जयशंकर ने कहा कि वे कार्यवाहक राष्ट्रपति से मुलाकात कर प्रसन्न हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग को और विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी और रोड्रिगेज की वार्ता से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
पांच दिवसीय भारत दौरे पर हैं रोड्रिगेज
डेल्सी रोड्रिगेज बुधवार को पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंची हैं। इस दौरान वे भारत और वेनेजुएला के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगी।
विदेश मंत्रालय ने उनके स्वागत में जारी बयान में कहा कि यह यात्रा दोनों देशों को साझेदारी को नई गति देने और सहयोग के नए अवसर तलाशने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।
उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ
रोड्रिगेज के साथ वेनेजुएला के विदेश मामलों, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रालयों के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी भारत आए हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच होने वाली चर्चाओं में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापारिक निवेश, फार्मास्यूटिकल्स, स्वास्थ्य सेवाएं, परिवहन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
संबंधों को नई दिशा देने की कोशिश
भारत और वेनेजुएला के बीच लंबे समय से ऊर्जा और व्यापार क्षेत्र में सहयोग रहा है। मौजूदा दौरे को दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने तथा आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.