छात्रों के बीच मेट्रो में पहुंचे पीएम मोदी, सफर के दौरान यात्रियों से भी मिले

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री ने करीब 11 साल पहले दिल्ली मेट्रो से सफर शुरू किया था।
- अप्रैल 2015 में उन्होंने धौला कुआं से द्वारका तक पहली मेट्रो यात्रा की थी।
- उस समय उन्हें राष्ट्रीय खुफिया अकादमी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली मेट्रो से पहुंचे। मेट्रो यात्रा के दौरान उनके हाथ में कार्ड था। सफर के दौरान प्रधानमंत्री ने छात्रों और अन्य यात्रियों से बातचीत भी की।
वर्ष 2023 के बाद यह प्रधानमंत्री की दिल्ली मेट्रो में पहली यात्रा है। सितंबर 2023 में यशोभूमि के उद्घाटन के दौरान उनकी मेट्रो यात्रा को 12वीं यात्रा बताया गया था। शनिवार को मेट्रो से सफर करने के बाद प्रधानमंत्री अब तक 13 बार दिल्ली मेट्रो की यात्रा कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने करीब 11 साल पहले दिल्ली मेट्रो में सफर करना शुरू किया था। अप्रैल 2015 में उन्होंने पहली बार धौला कुआं से द्वारका तक मेट्रो से यात्रा की थी। उन्हें राष्ट्रीय खुफिया अकादमी के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। वीवीआईपी आवाजाही के कारण सड़कों पर आम लोगों को होने वाली परेशानी से बचने के लिए उन्होंने मेट्रो से जाने का फैसला किया था। अपनी पहली यात्रा के बाद प्रधानमंत्री ने मेट्रो के सफर को सुखद अनुभव बताया था। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग मौकों पर दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल किया।
इससे पहले 2023 में छात्रों से पीएम ने किया था संवाद
30 जून 2023 को प्रधानमंत्री ने लोक कल्याण मार्ग से विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो से सफर किया था। इस दौरान करीब 30 छात्र भी उनके साथ यात्रा कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने छात्रों से राष्ट्रीय शिक्षा नीति, डिजिटल अर्थव्यवस्था, तनाव से निपटने और पर्यावरण सहित कई विषयों पर बातचीत की थी। उस यात्रा को प्रधानमंत्री की 11वीं दिल्ली मेट्रो यात्रा बताया गया था।
इसके करीब ढाई महीने बाद 17 सितंबर 2023 को अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री एक बार फिर मेट्रो में सवार हुए थे। उन्होंने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर द्वारका सेक्टर-21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 तक यात्रा की थी। यशोभूमि के उद्घाटन से जुड़ी इस यात्रा को उनकी 12वीं मेट्रो यात्रा बताया गया था। वापसी के दौरान भी उन्होंने मेट्रो से सफर किया और यात्रियों से बातचीत की थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.