यूपी चुनाव 2027 की तैयारी: मुरादाबाद में BJP का सर्वे पूरा, 6 सीटों पर 20 नामों की चर्चा

HIGHLIGHTS
- भाजपा ने मुरादाबाद की छह विधानसभा सीटों के लिए तीसरा सर्वे पूरा किया।
- सर्वे में करीब 20 संभावित दावेदारों के नाम सामने आए हैं।
- प्रत्याशी चयन के लिए पार्टी अभी दो और सर्वे करा सकती है।
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने प्रत्याशी चयन को लेकर मुरादाबाद जिले में तीसरे चरण का सर्वे पूरा कर लिया है। जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए किए गए सर्वे में करीब 20 नाम ऐसे सामने आए हैं, जिनकी चर्चा संभावित उम्मीदवारों के तौर पर हो रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन नामों में मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर निकाय से जुड़े प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं।
छह सीटों पर सामने आए संभावित चेहरे
सर्वे के दौरान मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा, कांठ और बिलारी विधानसभा क्षेत्रों से कई नामों पर फीडबैक लिया गया।
मुरादाबाद नगर सीट पर विधायक रितेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता और महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला के नाम चर्चा में हैं।
मुरादाबाद देहात सीट पर डॉ. केके मिश्रा, श्याम बिहारी मिश्रा और रजनीकांत जाटव के नाम सामने आए हैं।
कांठ विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू, ब्लॉक प्रमुख पूनम चौधरी, जिला पंचायत सदस्य विनोद सैनी और राजपाल सिंह का नाम चर्चा में है।
ठाकुरद्वारा सीट पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, अजय प्रताप सिंह और पूर्व सांसद सर्वेश सिंह की पत्नी साधना सिंह संभावित दावेदारों में शामिल हैं।
बिलारी सीट से परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी, नगर पालिका चेयरमैन रघुराज सिंह यादव और ऋषिपाल चौधरी के नाम चर्चा में हैं।
कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में विधायक रामवीर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह और किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश ठाकुर के नाम सामने आए हैं।
तीन चरणों में कराया गया सर्वे
भाजपा ने उम्मीदवारों की स्थिति और जनता के रुझान को समझने के लिए अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से सर्वे कराया है। जिले में अब तक तीन सर्वे पूरे हो चुके हैं।
पहला सर्वे जनवरी में, दूसरा मार्च के अंतिम सप्ताह में और तीसरा सर्वे जून में कराया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह प्रक्रिया अभी जारी रहेगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि सर्वे की प्रक्रिया लगातार चलती रहती है और यह अंतिम सर्वे नहीं है। वहीं जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने बताया कि पार्टी जमीनी स्तर पर लोगों से फीडबैक लेकर उम्मीदवारों की स्थिति का आकलन करती है।
सर्वे में पूछे गए ये सवाल
भाजपा की सर्वे टीमों ने जनता से कई मुद्दों पर राय ली, जिनमें शामिल हैं:
- विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की स्थिति कैसी है?
- मौजूदा विधायक और संभावित उम्मीदवारों की छवि कैसी है?
- केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर जनता की राय क्या है?
- प्रत्याशी चयन के लिए जनता की प्राथमिकता क्या है?
- विकल्प के तौर पर किस नाम को देखा जा रहा है?
अभी दो सर्वे और बाकी
पार्टी की योजना के अनुसार विधानसभा चुनाव से पहले कुल पांच सर्वे कराए जाने हैं। अभी दो सर्वे बाकी हैं।
यदि चुनाव समय से पहले नवंबर-दिसंबर में होते हैं तो सितंबर में होने वाला सर्वे अंतिम माना जा सकता है। वहीं तय समय पर चुनाव होने की स्थिति में दिसंबर में होने वाला पांचवां सर्वे अंतिम होगा।
कुछ नाम पहले भी लड़ चुके हैं चुनाव
सर्वे में शामिल कई दावेदार पहले विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें डॉ. केके मिश्रा, राजपाल सिंह चौहान, अजय प्रताप सिंह, सुरेश सैनी, परमेश्वर लाल सैनी और ऋषिपाल चौधरी जैसे नाम शामिल हैं।
वहीं, एक क्षेत्रीय पदाधिकारी का नाम भी तीसरे सर्वे में सामने आया है। हालांकि, बताया जा रहा है कि उनका नाम जनता के बीच नहीं बल्कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा में आया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.