उत्तराखंड में बारिश का कहर: ग्वालदम हाईवे बंद, बद्रीनाथ हाईवे पर यातायात सुचारू

HIGHLIGHTS
- जिले के करीब 28 संपर्क मोटर मार्ग बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का मुख्यालयों से संपर्क टूट गया।
- विकासनगर में मलबे में फंसी बीमार महिला को स्थानीय लोगों ने पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
- कालसी-चकराता मार्ग और अन्य प्रभावित सड़कों से मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों से राहत कार्य जारी है।
चमोली। चमोली के पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार रात हुई लगातार मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार दोपहर तक मौसम ने कुछ राहत दी और फिलहाल बारिश थम गई है। राहत की बात यह रही कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य बना हुआ है और यात्रा बिना किसी बाधा के जारी है।
हालांकि, जिले के कई अन्य प्रमुख मार्गों और ग्रामीण इलाकों में बारिश और भूस्खलन का असर साफ दिखाई दे रहा है। नारायणबगड़ के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से ग्वालदम हाईवे पूरी तरह यातायात के लिए बंद हो गया है।
इसके अलावा जिले के करीब 28 संपर्क मोटर मार्ग भी बंद हैं। इससे कई ग्रामीण क्षेत्रों का तहसील और जिला मुख्यालयों से संपर्क टूट गया है। लोगों को आवागमन के साथ-साथ दैनिक जरूरत का सामान लाने-ले जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विकासनगर में भी बारिश का असर
वहीं, विकासनगर के जौनसार-बावर क्षेत्र में भी भारी बारिश से व्यापक नुकसान हुआ है। रातभर हुई बारिश के कारण कई सड़कें मलबे से पट गईं। साहिया-क्वानू मोटर मार्ग के किलोमीटर-3 पर भारी मलबा आने से वहां से गुजर रही एक यूटिलिटी गाड़ी बीच रास्ते में फंस गई।
वाहन को निकालने के कई प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। गाड़ी में एक गंभीर रूप से बीमार महिला भी सवार थी। बाद में स्थानीय लोगों ने महिला को पीठ पर उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
विकासनगर के समीप जजरेड क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण कालसी-चकराता मार्ग भी पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्री फंसे हुए हैं। मार्ग को जल्द खोलने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
देहरादून में सड़क धंसी
लगातार बारिश के चलते देहरादून के सहारनपुर रोड पर भंडारीबाग के पास सड़क में गहरा गड्ढा हो गया। इसके अलावा इसी मार्ग पर दो स्थानों पर सड़क धंसने की घटना भी सामने आई। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए मौके पर स्टैंड लगाकर चेतावनी की व्यवस्था की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.