दिल्ली में बारिश बनी आफत, ITO से धौला कुआं तक जाम; दो दिन भारी बारिश का अलर्ट

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में मानसून की तेज बारिश से तापमान गिरा, मौसम सुहावना हुआ लेकिन कई इलाकों में जलभराव और जाम की स्थिति बनी।
- मंगलवार को कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई, पूसा में सबसे ज्यादा 80 मिमी तक पानी गिरा।
- मौसम विभाग ने 29 जुलाई से 3 अगस्त तक बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में मानसून एक्सप्रेस ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार सुबह से ही राजधानी में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सुबह चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि, इस राहत के साथ कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
बारिश के कारण ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। राजधानी में बारिश का दौर सोमवार से ही जारी है।
तापमान में आई गिरावट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
आईएमडी के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम है। यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में 9.1 डिग्री की गिरावट आई। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम है।
इसके अलावा पालम में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री, लोधी रोड में 29.6 डिग्री, रिज में 28.9 डिग्री और आया नगर में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सभी मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से 4 से 5.7 डिग्री तक कम रहा।
तीन घंटे में 80 मिमी तक बारिश, पूसा और जनकपुरी में सबसे ज्यादा बारिश
आईएमडी के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली में भारी बारिश हुई। शाम छह बजे जारी किए गए तीन घंटे के बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई।
इस दौरान पूसा में सबसे ज्यादा 80 मिमी बारिश हुई। इसके बाद जनकपुरी में 72 मिमी, लोधी रोड में 63.4 मिमी और छतरपुर में 57.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, सफदरजंग में 57.6 मिमी, आया नगर में 50.1 मिमी, नारायणा में 44 मिमी, पालम में 26 मिमी और रिज में 37.3 मिमी बारिश हुई। नजफगढ़ में इस दौरान बारिश दर्ज नहीं की गई।
छह दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम सुहावना बना रह सकता है। 29 जुलाई से 3 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
29 और 30 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच कई स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम और रात के समय भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश से थमी दिल्ली की रफ्तार, कई इलाकों में लगा जाम
बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। प्रभावित इलाकों में आईटीओ, मिंटो ब्रिज, रिंग रोड, धौला कुआं, नारायणा, द्वारका, जनकपुरी, उत्तम नगर, नवादा, आश्रम चौक, सराय काले खां, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, विकास मार्ग, लक्ष्मी नगर, करोल बाग, रोहिणी, आजादपुर, पीरागढ़ी और पंजाबी बाग शामिल रहे।
सदर बाजार में भरा पानी, दुकानों में घुसा सीवर का पानी
एशिया के बड़े बाजारों में शामिल सदर बाजार में मानसून की पहली बारिश के बाद हालात खराब हो गए। यहां कई जगहों पर घुटने और कुछ स्थानों पर कमर तक पानी भर गया।
सड़कों और गलियों में 2 से 3 फीट तक जलभराव हो गया। स्थिति यह रही कि सैकड़ों दुकानों में सीवर का पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये का सामान खराब हो गया।
सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार शाम 5:30 बजे तक बारिश (मिमी)
- सफदरजंग मानक केंद्र — 90
- पालम — 28.6
- लोधी रोड — 105.5
- रिज — 78.2
- आया नगर — 55.5
- पूसा — 100
- मयूर विहार — 38.5
- प्रगति मैदान — 47
- महरौली — 79
- छतरपुर — 58.5
- जनकपुरी — 88.5
- नारायणा — 58.5
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.