मुजफ्फरनगर में बारिश का कहर, मकान गिरने से महिला की मौत, मासूम समेत चार घायल

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर में मकान की छत गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत, पति गंभीर घायल।
- जानसठ के जटवाड़ा गांव में मकान ढहने से दंपती और एक वर्षीय बच्चा घायल।
- प्रशासन ने जर्जर मकानों से दूर रहने और आपात स्थिति में सूचना देने की अपील की।
मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही तेज बारिश अब लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनती जा रही है। शुक्रवार तड़के जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर मकान गिरने की घटनाएं हुईं। हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
पहली घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां सुबह करीब चार बजे बारिश के कारण एक मकान की छत और दीवार अचानक गिर गई। हादसे के समय 60 वर्षीय सरोज और उनके पति कृष्ण पाल कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि लगातार पानी भरने से कमरे की दीवार कमजोर हो गई और गार्डर व पत्थर की सिल्ली से बनी छत अचानक दोनों के ऊपर आ गिरी।
मलबे में दबने से सरोज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कृष्ण पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान उनका 20 वर्षीय बेटा आकाश दूसरे कमरे में सो रहा था, जिसके कारण वह सुरक्षित बच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया और घायल कृष्ण पाल को बाहर निकाला। वहीं, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जटवाड़ा में मकान गिरने से दंपती और बच्चा घायल
वहीं, जानसठ तहसील क्षेत्र के जटवाड़ा गांव में भी बारिश के चलते एक मकान ढह गया। इस हादसे में गुलशेर, उनकी पत्नी बानो और उनका एक वर्षीय बेटा मोहम्मद अहमद घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद एसडीएम जानसठ रश्मि लाम्बा प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
लगातार बारिश को देखते हुए जिले के कई क्षेत्रों में जर्जर और कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से कमजोर भवनों से दूर रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.