ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में बने भारत के ‘सिक्सर किंग’

कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। पंत अब टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने दो छक्कों के साथ दो चौके भी लगाए और इसी प्रदर्शन के साथ नया रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो गया।
टेस्ट में सबसे अधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बने पंत
पंत ने पांचवें नंबर पर उतरकर 24 गेंदों में 27 रन बनाए। उनकी पारी में दो ऊंचे छक्के शामिल रहे। इन दो छक्कों के साथ उनके नाम अब 83 पारियों में 92 छक्के दर्ज हो चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग के नाम था, जिन्होंने 180 पारियों में 91 छक्के लगाए थे। तीसरे स्थान पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 116 पारियों में 88 छक्के हैं।
भारत की पहली पारी 189 रनों पर सिमटी
भारत ने अपनी पहली पारी में 189 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका पर 30 रनों की बढ़त हासिल की। हालांकि, पारी के दौरान टीम को बड़ा झटका तब लगा जब कप्तान शुभमन गिल गर्दन में चोट लगने के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर लौट गए। इसके बाद वे दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतर सके, जिससे पारी नौ विकेट पर ही समाप्त हो गई।
दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली पारी में 159 रन ही बना सकी थी।
राहुल का सर्वोच्च स्कोर, गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
टीम इंडिया के लिए केएल राहुल ने सबसे अधिक 39 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने उपयोगी 29 रन जोड़े। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अहम साझेदारी हुई। रवींद्र जडेजा और ऋषभ पंत ने 27-27 रनों का योगदान दिया। अक्षर पटेल और ध्रुव जुरेल ने 14-14 रन बनाए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से साइमन हार्मर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने चार विकेट चटकाए। मार्को यानसेन ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.