जालंधर में कारोबारी से 72 लाख की लूट का खुलासा, छह आरोपित गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुख्य साजिशकर्ता को 13 लाख रुपये मिलने की बात सामने आई।
- कारोबारी के ड्राइवर और उसके जीजा को 12-12 लाख रुपये दिए गए थे।
- पुलिस ने खर्च की गई रकम भी बरामद करने का दावा किया।
जालंधर। सूर्या एंक्लेव निवासी लोहा कारोबारी ललित मित्तल से 72 लाख रुपये की लूट के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूट की पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है।
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद लूटी गई रकम का बंटवारा शुरू हो गया था। मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सनी खोसला उर्फ मोना को 13 लाख रुपये मिले थे, जबकि कारोबारी के ड्राइवर और सनी के जीजा हरदीप सिंह उर्फ दीपू को 12-12 लाख रुपये दिए गए थे।
बाकी रकम का बंटवारा होना बाकी था। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपितों ने लूट की रकम में से कुछ पैसा खर्च भी कर दिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने खर्च की गई रकम भी बरामद कर ली। इसके अलावा दो बिना नंबर की कारें, दो मोबाइल फोन, एक बेसबॉल बैट और एक डंडा बरामद किया गया है। ललित मित्तल ने 17 अगस्त को थाना रामा मंडी में शिकायत दर्ज कराई थी।
ड्राइवर था मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस के अनुसार, ललित मित्तल ने शिकायत में बताया था कि वह कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की एक कार ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद कार में सवार आरोपितों ने रॉड से उनकी कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग निकाल लिया। बैग में करीब 72 लाख रुपये थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी का ड्राइवर सनी लूट की साजिश में शामिल था। उसने कारोबारी की गतिविधियों और नकदी से जुड़ी जानकारी अपने साथियों को दी। पुलिस के मुताबिक, सनी खोसला उर्फ मोना ने साजिश को आगे बढ़ाया और अन्य आरोपितों को इसमें शामिल किया।
गिरफ्तार आरोपितों में साहिल, विकास, रंजीत सिंह, सनी खोसला उर्फ मोना, हरदीप सिंह उर्फ दीपू और राजवीर गिल उर्फ गिल साहिब शामिल हैं। अदालत ने सभी आरोपितों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपितों से वारदात की पूरी साजिश और अन्य संभावित साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.