बदायूं में बाढ़ पीड़ितों के लिए लगे भगवा रंग के टेंट, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

HIGHLIGHTS
- कदमनगला गांव में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
- पहले राहत शिविर गांव से करीब छह किलोमीटर दूर बनाया गया था।
- दुर्गम रास्ते के कारण ग्रामीण पुराने शिविर तक नहीं पहुंच पा रहे थे।
बदायूं। गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से सबसे अधिक प्रभावित कदमनगला गांव के बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने गांव के पास दो शिविर लगवाए हैं। इन शिविरों में भगवा रंग के टेंट लगाए गए हैं। टेंट के रंग को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे मुसीबत में हैं, लेकिन अधिकारियों का ध्यान भगवा रंग के टेंट लगाने पर है। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिन से टेंट में खाने-पीने की व्यवस्था नहीं हुई है। फिलहाल शिविरों में रात गुजारने के लिए चारपाई और गद्दे उपलब्ध कराए गए हैं।
उसहैत क्षेत्र में गंगा नदी की बाढ़ से गांवों में लगातार तबाही जारी है। कदमनगला गांव के लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। गांव में पहले केवल एक बाढ़ राहत शिविर लगाया गया था, जो करीब छह किलोमीटर दूर था। गांव से शिविर तक जाने का रास्ता भी बेहद दुर्गम होने के कारण ग्रामीण वहां नहीं पहुंच पा रहे थे। इसके चलते ग्रामीण सड़क किनारे अस्थायी टेंट लगाकर रहने लगे थे।
कुछ दिन पहले डीएम कदमनगला गांव में बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे। ग्रामीणों की शिकायत के बाद शुक्रवार से गांव के नजदीक सूखी जगह पर दो टेंट लगाए गए। इनमें चारपाई और गद्दे रखवाए गए हैं, जहां ग्रामीण रह रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से लगाए गए इन टेंट का रंग भगवा है।
खानपान की व्यवस्था नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि परेशानी के इस समय में भी अधिकारियों का ध्यान टेंट के रंग पर है। कदमनगला निवासी छविराम ने बताया कि टेंट में रात में रहने की व्यवस्था की गई है, लेकिन खाने का इंतजाम नहीं है। उन्होंने कहा कि सोने की व्यवस्था तो ग्रामीणों ने पहले ही सड़क किनारे कर रखी थी।
राजस्व विभाग के लेखपाल अमित ने बताया कि शिविर लगाए हुए अभी दो दिन ही हुए हैं और ग्रामीणों के खाने की व्यवस्था भी की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, पशुओं के चारे का इंतजाम उन्हें खुद करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण सभी खेत पानी में डूबे हुए हैं और फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। ऐसे में पशुओं के चारे की समस्या सबसे बड़ी बनी हुई है।
बाढ़ प्रभावित रैपुरा गांव में स्वास्थ्य टीम पहुंची
बाढ़ प्रभावित रैपुरा गांव में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसावां की ओर से लगाए गए शिविर में ग्रामीणों की जांच की गई और दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान कई ग्रामीणों की जरूरी जांचें भी की गईं।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी और जरूरी जांच के साथ दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.