हरिद्वार: स्कूल से छुट्टी के बाद लापता हुआ 14 साल का आर्यन, अगले दिन नदी किनारे मिला शव

HIGHLIGHTS
- किशोर गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा था।
- शाम तक सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
- छात्र मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ कैमरे की फुटेज में दिखाई दिया था।
स्कूल की छुट्टी के बाद से लापता चल रहे किशोर का शव ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था।
बृहस्पतिवार को लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ने वाला 14 वर्षीय आर्यन भट्ट पुत्र मंगलेश भट्ट, निवासी रसूलपुर, स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा। शाम तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
छुट्टी के बाद छात्र मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया था। वहां लगे कैमरे की फुटेज में भी वह नजर आया। यह रास्ता रवासन नदी के बीच से होकर रसूलपुर गांव की ओर जाता है। इसके बाद आशंका जताई जाने लगी कि बढ़े हुए जलस्तर के कारण छात्र रवासन नदी की चपेट में आ गया होगा। परिवार और ग्रामीणों ने देर रात तक नदी के आसपास उसकी तलाश की।
शुक्रवार तड़के से एक बार फिर छात्र की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे उसका शव मिला। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद रही। शव को घर लाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लालढांग चौकी इंचार्ज गगन मैठाणी ने बताया कि ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे बालक का शव मिलने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आर्यन अंजली और प्रियंका का छोटा इकलौता भाई था। उसके पिता वन विभाग में दैनिक श्रमिक हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.