सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी, मिसाइल-ड्रोन हमलों के वीडियो शेयर न करने की अपील

HIGHLIGHTS
- जेद्दा की उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित की गई हैं।
- जेद्दा और मक्का में भारतीय नागरिकों की मदद के लिए 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं।
- रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन दोबारा शुरू करने की तैयारी है।
नई दिल्ली। यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच भारत सरकार ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को भारतीय समुदाय से स्थानीय कानूनों का पालन करने और मिसाइल या ड्रोन हमलों से संबंधित वीडियो, तस्वीरें या जानकारी सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की अपील की है।
सऊदी नागरिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से जारी अधिसूचना को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय दूतावास ने कहा कि सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिक स्थानीय नियमों और कानूनों का पूरी तरह पालन करें।
हमलों के वीडियो और तस्वीरें साझा करना अपराध
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मिसाइल या ड्रोन हमलों, उन्हें हवा में रोकने की कार्रवाई और प्रभावित स्थानों से जुड़ी जानकारी, तस्वीरें या वीडियो बनाना, प्रसारित करना अथवा साझा करना कानूनी अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कब तक निलंबित रहेंगी उड़ानें?
भारतीय दूतावास ने उड़ानों के रद्द होने और उनके कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी भी दी है। इसके अनुसार, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें 7 नवंबर तक निलंबित रहेंगी। वहीं, जेद्दा के लिए उड़ानें 31 अक्टूबर तक स्थगित की गई हैं।
इस बीच, जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में संचालित 24x7 नियंत्रण कक्ष प्रभावित भारतीय नागरिकों तक भोजन, आवश्यक दवाएं और आपातकालीन सुविधाएं पहुंचाने में लगे हैं।
उड़ानों के निलंबन के कारण वीजा की वैधता और प्रस्थान से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी वाणिज्य दूतावास सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय के साथ लगातार संपर्क में है।
रियाद एयरपोर्ट पर उड़ानें फिर शुरू करने की तैयारी
इस बीच, गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट रविवार से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
रिपोर्ट में सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के हवाले से बताया गया है कि हूती विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एयर डिफेंस सिस्टम ने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.