मुजफ्फरनगर में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मलूक नागर के खिलाफ जताया विरोध

HIGHLIGHTS
- रामपुर मनिहारन की सभा में टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ा।
- सपा नेताओं ने अहिल्याबाई चौक पर जुटकर विरोध दर्ज कराया।
- प्रदर्शन से पहले अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं के बीच बयानबाजी को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को सड़क तक पहुंच गया। दोपहर करीब 2 बजे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के अहिल्याबाई चौक पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद मलूक नागर के खिलाफ नारे लगाए। उनके चित्र वाले पोस्टर पर जूते-चप्पल बरसाए गए और इसके बाद पोस्टर जलाकर विरोध जताया गया। कार्यकर्ताओं ने सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के समर्थन में भी नारेबाजी की।
सपा नेताओं के मुताबिक, एक दिन पहले सहारनपुर के रामपुर मनिहारन में आयोजित राष्ट्रीय लोकदल की स्वाभिमान सभा में मलूक नागर ने सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल को लेकर टिप्पणी की थी। सपा नेताओं का दावा है कि मलूक नागर ने उन्हें “मंदबुद्धि का प्रदेश अध्यक्ष” कहा। इस टिप्पणी के बाद सपा नेताओं और पाल समाज के लोगों में नाराजगी सामने आई।
अहिल्याबाई चौक पर किया प्रदर्शन
शुक्रवार को सपा शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल अपने समर्थकों के साथ अहिल्याबाई चौक पहुंचे। प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मलूक नागर की टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया।
सत्येंद्र पाल ने कहा- राजनीतिक मतभेद में भाषा की मर्यादा जरूरी
डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि मलूक नागर की टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी नेता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है।
सोशल मीडिया पर भी जताई गई नाराजगी
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने श्यामलाल पाल के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले को लेकर सपा के अन्य नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। वरिष्ठ सपा नेता राजपाल सैनी ने भी मलूक नागर की टिप्पणी को अनुचित बताते हुए नाराजगी जताई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.