दिल्ली में नहीं रुक रहा मर्डर का सिलसिला: लाठी-डंडे से पीट-पीटकर युवक की हत्या

HIGHLIGHTS
- घटना पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र की है।
- मयूर विहार फेज-3 में सुबह एक व्यक्ति का शव मिला।
- पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है।
दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में मयूर विहार फेज-3 से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले की जांच में जुटी है।
सुबह करीब 5 बजे पीट-पीटकर हत्या
जानकारी के अनुसार, वारदात सुबह करीब 5 बजे हुई। युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
चश्मदीद ने बताई घटना की जानकारी
घटना के चश्मदीद गवाह और सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल यादव ने बताया, "मैंने सुबह 4 बजे कुछ लोगों को देखा था। वे लोग मुझे जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। वे दो लोग थे।"
नागलोई में छात्र की हत्या का मामला भी आया था सामने
दिल्ली में लगातार हत्या की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में नागलोई में स्कूल जा रहे 15 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। छात्र पर हमले की वजह भी सामने आई थी। बताया गया था कि छात्र ने कुछ लड़कों को एक लड़की से छेड़छाड़ करने से रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद उस पर हमला किया गया, जिसमें उसकी जान चली गई।
नरेला में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गई थी गोली
इससे पहले दिल्ली के नरेला इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की घटना सामने आई थी। जिम के बाहर हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी थी। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर ने प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
धुबी घाट में भी युवक की हत्या
इसके अलावा दिल्ली के धुबी घाट में एक युवक की उसके दोस्त ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं को लेकर पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। इन घटनाओं से ऐसा प्रतीत होता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ कम हो गया है। जिन इलाकों में हत्याएं हुई हैं, वहां रहने वाले लोग भी डरे हुए हैं। खुलेआम होने वाली ऐसी वारदातें लोगों के बीच डर पैदा कर रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.