दिल्ली-NCR में आज सुबह से बारिश जारी, कल से मौसम साफ होने के आसार

HIGHLIGHTS
- बारिश के चलते उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।
- शनिवार को तेज बारिश से दिल्ली के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित रहा।
- कई प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी हुई।
दिल्ली-एनसीआर में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार सुबह भी जारी रहा। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में सुबह बारिश हुई। बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, ऑफिस जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने रविवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में दिनभर रुक-रुककर हुई तेज बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया। प्रमुख सड़कों और मार्गों पर जलभराव के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया। दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़े मार्गों के साथ-साथ पूर्वी, दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में भी जलभराव और जाम की समस्या बनी रही।
शनिवार को दिल्ली में बारिश का सबसे ज्यादा असर महिपालपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (एनएच-48) पर देखने को मिला। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से धौला कुआं के बीच एनएच-48 पर पानी भरने से यातायात प्रभावित रहा। महिपालपुर में हालात गंभीर रहे और कई वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए। टर्मिनल-3 के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी रही। पालम एयरपोर्ट टनल, संगम विहार की नीम चौक रोड, शकरपुर, लक्ष्मी नगर और महरौली-बदरपुर रोड पर भी कई जगह पानी जमा हो गया।
वहीं, शनिवार को द्वारका में रोटरी चौक से डीजेबी चौक, डीजेबी रेड लाइट से ओमैक्स रोड और सेक्टर-1, 7, 8, 9, 10 तथा 20 से जुड़े रास्ते जलभराव से प्रभावित रहे। एनएच-8 अंडरपास में भी पानी भर गया। मथुरा रोड पर अपोलो अस्पताल और आश्रम चौक के बीच पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात धीमा होने की जानकारी दी। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के मद्देनजर पुलिस ने लोगों से यातायात की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की।
सफदरजंग में 67.1 मिमी बारिश दर्ज
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शनिवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में कुल 67.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 29.8 मिमी बारिश हुई। इस दौरान छतरपुर में सबसे ज्यादा 39.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अन्य इलाकों में पालम में 35.6, लोदी रोड में 30.8, रिज में 24, आयानगर में 18.4, पूसा में 16, मयूर विहार में 9.5, जाफरपुर में 3.5, जनकपुरी में 12, नारायणा में 24.5, झड़ौदा कलां में 6 और पीतमपुरा में 10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
कल से मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी। देर शाम और रात के समय बारिश होने की संभावना अधिक है। रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में यह बदलाव मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के पश्चिम दिशा में खिसकने, दिल्ली के आसपास सक्रिय मानसून ट्रफ और पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आया है। सोमवार से मौसम साफ होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.